MBD WEB NEWS

कोच्चि से दिल्ली जा रहे इंडिगो विमान में बम की धमकी से मचा हड़कंप, नागपुर में करवाई गई इमरजेंसी लैंडिंग, पांच दिन के भीतर दूसरा मामला

कोच्चि से दिल्ली जा रहे इंडिगो विमान में बम की धमकी से मचा हड़कंप, नागपुर में करवाई गई इमरजेंसी लैंडिंग, पांच दिन के भीतर दूसरा मामला

नई दिल्ली : एक और विमान में बम की धमकी का मामला सामने आया है। यह विमान कोच्चि से दिल्ली जा रहा था। बम की धमकी मिलने के बाद इस विमान को नागपुर में उतार लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह विमान इंडिगो एयरलाइंस का था। पिछले पांच दिनों में विमान को बम की धमकी का यह तीसरा मामला है। इससे पहले सोमवार को लुफ्तांसा एयरलाइंस के विमान को भी बम की धमकी मिली थी। यह विमान जर्मनी से हैदराबाद आ रहा था। वहीं, शुक्रवार को फुकेत से उड़ान भरने वाले एयर इंडिया के विमान को भी बम की धमकी मिली थी, जिसके बाद विमान वापस फुकेत एयरपोर्ट पर उतर गया था।

इंडिगो एयरलाइंस के इस विमान को नागपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित ढंग से उतारा गया। यहां सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी सतर्कता के साथ सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकाला। इसके बाद सभी सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए विमान की पूरी तरह से जांच की गई। यह मामला इसलिए भी गंभीर था क्योंकि धमकी देने वाले ने फ्लाइट का नंबर तक बताया था। जिस वक्त यह धमकी मिली, यह विमान कोच्चि से उड़ान भर चुका था। धमकी की गंभीरता को देखते हुए इसे नागपुर की तरफ मोड़ दिया गया। फिलहाल यह विमान वहीं पर खड़ा है।

गौरतलब है कि आज ही एयर इंडिया ने अपनी सैन फ्रांसिस्को-मुंबई उड़ान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण इसे कोलकाता में निर्धारित ठहराव पर ही समाप्त कर दिया। उड़ान को समाप्त किए जाने के कारण नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और ‘बोइंग777-200 एलआर’ के 211 यात्री, अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने में लग गए कि उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाए। बता दें कि 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान हादसे के बाद फ्लाइट्स की इमरजेंसी लैंडिंग की घटनाओं में काफी ज्यादा इजाफा हुआ है।