देश में फिर कोरोना की दस्तक के बाद 9 दिन में हुई 58 मौतें, सक्रिय केस 6000 के पार पहुंचे..
24 घंटों में देश भर में कोविड-19 के 378 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद सक्रिय मामलों की कुल संख्या बढ़कर 6000 के पार पहुंची
नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस के मामलों में एक बार फिर तेजी देखी जा रही है। पिछले 24 घंटों में देश भर में कोविड-19 के 378 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद सक्रिय मामलों की कुल संख्या बढ़कर 6000 के पार पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में इस संक्रमण के कारण 6 लोगों की मौत भी हुई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के मुताबिक, केरल अभी भी कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित राज्य है। केरल के बाद गुजरात, पश्चिम बंगाल और दिल्ली में कोविड के सबसे ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना का नया वेरिएंट ज्यादा खतरनाक नहीं है।
पिछले 48 घंटों के आंकड़ों पर गौर करें तो देश में कोविड-19 के मामलों में कुल 769 मरीजों की वृद्धि हुई है। पिछले 9 दिनों में 58 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि ज्यादातर मामले हल्के हैं और मरीज घरेलू उपचार से ही ठीक हो रहे हैं। मंत्रालय के अनुसार, केवल अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम ऐसे राज्य हैं जहां वर्तमान में कोविड का कोई सक्रिय मामला नहीं है।
गौरतलब है कि 22 मई को देश में कोरोना के केवल 257 सक्रिय मामले थे, लेकिन इसके बाद से लगातार मामलों में बढ़ोतरी हो रही है और अब यह संख्या 6133 तक पहुंच गई है। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को ऑक्सीजन, आइसोलेशन बेड, वेंटिलेटर और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
वर्तमान में देश में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या की बात करें तो कुछ राज्यों में यह संख्या अपेक्षाकृत अधिक है। इनमें केरल सबसे ऊपर है, जहां 1950 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद गुजरात में 822, पश्चिम बंगाल में 693, दिल्ली में 686 और महाराष्ट्र में 595 सक्रिय मामले हैं।










