जिला मंडी अधिकारी ने मकसूदां मंडी में साफ-सफाई और पानी की उचित निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
मार्किट कमेटी व पब्लिक हेल्थ व इलेक्ट्रिकल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की, मंडी का दौरा कर सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
कहा, मंडी की सफाई के लिए विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा
MBD NEWS: जालंधर (सुमेश शर्मा) 6 मई: जिला मंडी अधिकारी अरविंदर सिंह ने आज मकसूदां मंडी में सफाई व्यवस्था और पानी की निकासी को लेकर मार्किट कमेटी और पब्लिक हेल्थ व इलेक्ट्रिकल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
जिला मंडी अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को मंडी में नियमित सफाई तथा जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान या उसके बाद मंडी में कहीं भी पानी जमा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए जलनिकासी व्यवस्था का गहनता से निरीक्षण किया जाए तथा यदि आवश्यक हो तो तुरन्त मुरम्मत की जाए ताकि किसी भी कारण से पानी की निकासी बाधित न हो।
उन्होंने कहा कि मकसूदां मंडी की रोजाना सफाई की जा रही है और इस मंडी को आदर्श मंडी बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इसके अलावा उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रात के समय मंडी में रोशनी की उचित व्यवस्था करने को भी कहा।
उन्होंने मंडी में रेहड़ी-पटरी वालों से भी अपील की कि वे कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंके तथा स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान दें।
बैठक के बाद जिला मंडी अधिकारी ने सचिव मार्किट कमेटी जालंधर के साथ सब्जी मंडी का दौरा किया और सफाई का निरीक्षण किया। इस दौरान आढ़तियों व दुकानदारों को मंडी को साफ-सुथरा रखने के प्रति जागरूक किया गया। जिला मंडी अधिकारी ने बताया कि आगामी दिनों में मंडी की सफाई के लिए विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
बैठक में सचिव मार्किट कमेटी, एस.डीओ. जन स्वास्थ्य एवं इलेक्ट्रिकल विभाग तथा मंडी बोर्ड के अधिकारी भी उपस्थित थे।











