पूरी दुनिया की नजरें भारत- पाक पर टिकी, PAK मंत्री के ‘डर्टी वर्क” वाले बयान पर बोला अमेरिका..
न्यूयॉर्क/इस्लामाबाद : पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के उस बयान पर नया विवाद खड़ा हो गया है, जिसमें उन्होंने अमेरिका के लिए 30 वर्षों तक ‘डर्टी वर्क’ (गंदा काम) करने की बात स्वीकार की थी। इस पर जब अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस से प्रेस ब्रीफिंग में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया, लेकिन यह जरूर कहा कि अमेरिका भारत और पाकिस्तान दोनों से संपर्क में है।
प्रवक्ता ब्रूस ने कहा, “हम हालात पर नजर रख रहे हैं और सभी पक्षों से शांतिपूर्ण समाधान के लिए बातचीत का आग्रह कर रहे हैं। पूरी दुनिया हमें देख रही है, लेकिन फिलहाल मेरे पास इस विषय पर कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं है।”
क्या कहा था ख्वाजा आसिफ ने?
ब्रिटिश मीडिया स्काई न्यूज से बातचीत में ख्वाजा आसिफ ने माना कि पाकिस्तान ने 30 साल तक अमेरिका के लिए आतंकवाद को सपोर्ट किया और टेरर फंडिंग की। उन्होंने कहा, “हमने 30 साल तक यह गंदा काम अमेरिका के लिए किया है। पाकिस्तान की धरती पर लश्कर-ए-तैयबा जैसे संगठनों की मौजूदगी का अतीत में सरकार से जुड़ाव रहा है, हालांकि अब ये खत्म हो चुके हैं।”
आसिफ ने यह भी दावा किया कि “अगर हमारे देश के अस्तित्व पर खतरा हुआ, तो हम परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करेंगे। हम मानसिक रूप से युद्ध के लिए तैयार हैं और अगल–बगल के हालात बता रहे हैं कि अगले कुछ दिनों में युद्ध की आशंका है, हालांकि इसे टाला भी जा सकता है।”
अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने खुलकर बयान तो नहीं दिया, लेकिन यह जरूर बताया कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत और पाकिस्तान के शीर्ष नेताओं से जल्द बातचीत करेंगे। अमेरिका का फोकस क्षेत्रीय शांति और युद्ध को टालने की कोशिशों पर है।









