MBD WEB NEWS

सुप्रीम कोर्ट द्वारा यूजीसी के नए नियमों पर रोक लगाने पर किया स्वागत : डॉ. सुभाष शर्मा

सुप्रीम कोर्ट द्वारा यूजीसी के नए नियमों पर रोक लगाने पर किया स्वागत : डॉ. सुभाष शर्मा

चंडीगढ़ : पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा यूजीसी के नए नियमों पर रोक लगाए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि यह फैसला समाज के बड़े वर्ग के लिए राहत लेकर आया है। उन्होंने कहा कि इन नियमों को लेकर लोगों के मन में आशंका थी कि इनके दुरुपयोग की संभावना बन सकती है और इसकी आड़ में निर्दोष लोगों को भी निशाना बनाया जा सकता है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय से समाज में फैली शंकाओं को स्पष्ट रूप से दूर किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी कानून या नियम का उद्देश्य समाज में न्याय और समानता स्थापित करना होना चाहिए, न कि किसी निर्दोष को परेशान करना।

उन्होंने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा, समरसता और एकजुटता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। मोदी सरकार इस बात के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि किसी भी प्रकार का जातिगत भेदभाव न हो और इसके विरुद्ध सख्त प्रावधान किए जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी निर्दोष व्यक्ति पर कोई आंच न आए।

डॉ. सुभाष शर्मा ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार नए नियमों को पूरी संवेदनशीलता और संतुलन के साथ पुनः तैयार करेगी, ताकि न तो जातिगत भेदभाव को बढ़ावा मिले और न ही किसी निर्दोष को लक्ष्य बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र को ध्यान में रखते हुए यूजीसी के नियमों का मसौदा तैयार करेगी, जिससे समाज सुहृदयता के साथ आगे बढ़ सके।