MBD WEB NEWS

आज विराट रामायण मंदिर में स्थापित होने जा रहा है दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग, वजन जान हैरान रह जाएंगे आप

आज विराट रामायण मंदिर में स्थापित होने जा रहा है दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग, वजन जान हैरान रह जाएंगे आप

मोतिहारी : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी स्थित विराट रामायण मंदिर के लिए आज का दिन ऐतिहासिक होने वाला है। मंदिर परिसर में आज दुनिया के सबसे भारी और विशाल शिवलिंग की स्थापना की जाएगी। काले ग्रेनाइट पत्थर से बने इस शिवलिंग का वजन 210 टन है, जबकि इसकी ऊंचाई और गोलाई 33 फीट है। इस भव्य प्राण-प्रतिष्ठा और स्थापना कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विशेष रूप से शिरकत करेंगे।

विशालकाय क्रेनों से होगी स्थापना

शिवलिंग का आकार और वजन इतना अधिक है कि इसे स्थापित करना अपने आप में एक बड़ी इंजीनियरिंग चुनौती है। इस महाकाय शिवलिंग को उठाने और सही स्थान पर रखने के लिए विशेष प्रकार की दो क्रेनें मंगाई गई हैं। इन क्रेनों की क्षमता क्रमशः 700 टन और 500 टन है, जिन्हें विशेष तौर पर बंगाल और भोपाल से मोतिहारी लाया गया है। मंदिर प्रशासन ने स्थापना को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं।

कैथवलिया ही क्यों? त्रेतायुग से जुड़ा है गहरा नाता

विराट रामायण मंदिर के निर्माण के लिए पूर्वी चंपारण के कैथवलिया गांव को चुने जाने के पीछे एक पौराणिक महत्व है। स्थानीय साधु-संतों के अनुसार, त्रेतायुग में जब भगवान श्रीराम माता सीता से विवाह के उपरांत जनकपुर से अयोध्या लौट रहे थे, तो उनकी बारात का एक रात्रि विश्राम इसी स्थान पर हुआ था। लोक मान्यताओं के मुताबिक, चूंकि यहां रामजी की ‘बहू’ (माता सीता) का ठहराव हुआ था, इसलिए कालांतर में पास के गांव का नाम ‘बहुआरा’ पड़ गया। मंदिर की चौहद्दी के पूर्व दिशा में बहुआरा गांव आज भी मौजूद है और निर्माणाधीन राम-जानकी पथ इसी रास्ते का अनुसरण कर रहा है।