MBD WEB NEWS

 ‘होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर हमला और निर्दोष लोगों की मौतें बर्दाश्त नहीं करेंगे’

 ‘होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर हमला और निर्दोष लोगों की मौतें बर्दाश्त नहीं करेंगे’..

 

 

लंदन: यूनाइटेड किंगडम में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने वैश्विक समुद्री सुरक्षा, नौवहन की स्वतंत्रता और ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं की सुरक्षा को लेकर भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

गुरुवार को लंदन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन परिषद के 36वें असाधारण सत्र को संबोधित करते हुए दोरईस्वामी ने कहा कि भारत क्षेत्र में बदलती स्थिति को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करता है। उन्होंने सभी पक्षों से संयम बरतने और कूटनीतिक संवाद के जरिए तनाव कम करने की अपील की, साथ ही नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना और नागरिक समुद्री ढांचे पर हमले पूरी तरह अस्वीकार्य हैं। ऐसे हमलों से निर्दोष लोगों की जान गई है और कई लोग घायल हुए हैं, जिससे जोखिम और बढ़ गया है। भारतीय उच्चायुक्त ने यह भी बताया कि भारत दुनिया के शीर्ष तीन देशों में शामिल है जो नाविकों की आपूर्ति करते हैं और वैश्विक समुद्री कार्यबल में करीब 13 प्रतिशत भारतीय नाविक हैं। ऐसे में भारत सभी नाविकों की सुरक्षा और उनके कल्याण को लेकर बेहद चिंतित है।

इस बीच, IMO परिषद ने भी खाड़ी क्षेत्र में व्यापारी जहाजों पर बढ़ते खतरों को गंभीरता से लेते हुए इन हमलों और धमकियों की निंदा की है। परिषद ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय बढ़ाने और नागरिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में एक अहम प्रस्ताव के तहत ‘समुद्री सुरक्षा गलियारा’ (Maritime Safety Corridor) जैसे ढांचे को बढ़ावा देने पर सहमति बनी। इसका उद्देश्य उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराना और समुद्री गतिविधियों को सुरक्षित बनाना है।