MBD WEB NEWS

हवा में चार घंटे तक अटकी रही यात्रियों की जान; बेंगलुरु में सुरक्षित लैंडिंग

 हवा में चार घंटे तक अटकी रही यात्रियों की जान; बेंगलुरु में सुरक्षित लैंडिंग

 

 

नई दिल्ली : हैदराबाद से हुबली की उड़ान भर रहे फ्लाई91 एयरलाइंस के एक विमान में सवार यात्रियों के लिए सोमवार का दिन किसी बुरे सपने जैसा रहा। तकनीकी खराबी की वजह से फ्लाइट करीब चार घंटे तक आसमान में ही गोते खाती रही, जिससे विमान के अंदर चीख-पुकार और दहशत का माहौल पैदा हो गया। चालक दल की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और विमान को सुरक्षित उतार लिया गया, लेकिन इस दौरान यात्रियों को जान हलक में अटकी रही।

हुबली के पास अचानक आई खराबी, पायलट को रोकनी पड़ी लैंडिंग

फ्लाई91 की फ्लाइट संख्या IC3401 ने दोपहर लगभग 3 बजे हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हुबली के लिए उड़ान भरी थी। शेड्यूल के मुताबिक इस विमान को शाम 4:30 बजे हुबली पहुंचना था। जैसे ही विमान अपनी मंजिल के करीब पहुंचा, पायलट को तकनीकी खराबी का पता चला, जिसके चलते लैंडिंग को तुरंत रद्द करना पड़ा। सुरक्षित उतरने की संभावनाओं और तकनीकी जांच के लिए विमान को हवा में ही रखने का फैसला किया गया।

आसमान में प्रार्थना और रोते-बिलखते यात्री

विमान करीब चार घंटों तक मुंडगोड, दावणगेरे और शिवमोग्गा के ऊपर चक्कर काटता रहा। इस दौरान केबिन के अंदर का नजारा बेहद डरावना था। कई यात्री अपनी सुरक्षा के लिए भगवान से प्रार्थना करने लगे, तो कई लोग घबराहट में रोने-चिल्लाने लगे। यात्रियों के साथ-साथ उनके परिजन भी जमीन पर बेचैन थे। परिजनों ने एयरलाइंस प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें स्थिति के बारे में कोई सटीक जानकारी नहीं दी गई, जिससे उनकी चिंता और ज्यादा बढ़ गई।

बेंगलुरु में कराई गई सुरक्षित लैंडिंग, एयरलाइंस पर उठे सवाल

लंबी जद्दोजहद और सुरक्षा मानकों को परखने के बाद पायलट ने विमान को बेंगलुरु की ओर मोड़ने (डायवर्ट) का फैसला लिया। शाम करीब 7:30 बजे केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। पहिए जमीन पर टच होते ही यात्रियों ने राहत की सांस ली और एक-दूसरे को गले लगा लिया। हालांकि, सुरक्षित लैंडिंग के बाद भी विमान में आई इस बड़ी तकनीकी खराबी और आपातकालीन स्थिति में एयरलाइंस द्वारा सूचना के अभाव को लेकर यात्रियों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभाग जांच की तैयारी कर रहा है।