MBD WEB NEWS

हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट

हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट

सोनीपत- हरियाणा में सोनीपत के उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया है कि हथिनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। रविवार को दोपहर 1:00 बजे तक बैराज से लगभग 1,16,686 क्यूसेक पानी यमुना नदी में छोड़ा गया है। अनुमान है कि अगले 36 से 40 घंटों के भीतर यह पानी जिला सोनीपत की सीमा में प्रवेश करेगा।

उन्होंने कहा कि यमुना नदी के जल स्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है और निचले क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों से अपील की जाती है कि वे सतर्क रहें तथा प्रशासन द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें।

उपायुक्त ने बताया कि लोगों की जान-माल व पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और यमुना नदी के जलस्तर की स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या कठिनाई आने पर तुरंत प्रशासन से संपर्क करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।