MBD WEB NEWS

स्कूल में चौथी मंजिल से कूदी 10वीं की छात्रा, CCTV में कैद हुई…

स्कूल में चौथी मंजिल से कूदी 10वीं की छात्रा, CCTV में कैद हुई…

 

अहमदाबाद : गुजरात के अहमदाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नवरंगपुरा इलाके के एक प्रतिष्ठित स्कूल में 10वीं कक्षा की एक छात्रा ने चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। गंभीर रूप से घायल छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह पूरी दर्दनाक घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

यह घटना गुरुवार को नवरंगपुरा स्थित सोम ललित स्कूल में लंच ब्रेक के दौरान हुई। स्कूल से मिले सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि छात्रा दोपहर करीब 12:30 बजे लॉबी में टहल रही थी। अचानक वह रेलिंग की ओर बढ़ी और उसने छलांग लगा दी। फुटेज में उसकी सहेलियों को उसे रोकने की नाकाम कोशिश करते हुए भी देखा गया। छात्रा के कूदते ही स्कूल में चीख-पुकार मच गई।

छात्रा को सिर में गंभीर चोट और हाथ-पैर में कई फ्रैक्चर आए थे। उसे फौरन नजदीकी निधि अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन बाद में परिजन उसे थलतेज के एक अन्य अस्पताल ले गए, जहाँ उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, आत्महत्या की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। नवरंगपुरा पुलिस ने मेडिको-लीगल केस दर्ज कर शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि छात्रा पिछले पांच साल से इसी स्कूल में पढ़ रही थी और हाल ही में एक महीने की छुट्टी के बाद लौटी थी। कुछ छात्रों के मुताबिक, घटना से पहले वह क्लास में अचानक चिल्लाने लगी थी, जिसे टीचर ने शांत कराया था। इस घटना से छात्रा के परिजन गहरे सदमे में हैं और इलाके में सनसनी का माहौल है।