MBD WEB NEWS

संसद में आज का दिन हंगामेदार रहने की संभावना: संसद में आज नए इनकम टैक्स बिल और वक्फ बिल पर JPC की रिपोर्ट होगी पेश, हंगामे के आसार

 

नई दिल्ली : संसद में आज का दिन हंगामेदार रहने की संभावना है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लोकसभा में नया इनकम टैक्स बिल पेश करेंगी, जिसे केंद्रीय कैबिनेट से मंज़ूरी मिल चुकी है। साथ ही, वक़्फ़ संशोधन बिल पर गठित संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की 655 पृष्ठों वाली रिपोर्ट लोकसभा और राज्यसभा दोनों के पटल पर रखी जाएगी। लोकसभा की कार्यवाही सूची में यह उल्लेख है कि समिति के अध्यक्ष जगदंबिका पाल विधेयक से संबंधित रिपोर्ट और साक्ष्यों का रिकॉर्ड सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगे।

आज संसद के वर्तमान बजट सत्र के पहले चरण का आखिरी कार्यदिवस है। वक्फ संशोधन बिल पर गठित जेपीसी की रिपोर्ट 30 जनवरी को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को सौंप दी गई थी। रिपोर्ट में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सदस्यों द्वारा सुझाए गए संशोधनों को शामिल किया गया, जबकि विपक्षी सदस्यों के संशोधनों को खारिज कर दिया गया। विपक्षियों का दावा है कि यह रिपोर्ट असंवैधानिक है और वक्फ बोर्डों के विनाश का कारण बनेगी।

भाजपा ने जोर दिया था कि पिछले साल अगस्त में पेश किया गया वक़्फ़ विधेयक वक़्फ संपत्तियों के प्रबंधन में आधुनिकता, पारदर्शिता और जवाबदेही लाने का प्रयास करेगा। समिति ने भाजपा द्वारा प्रस्तावित संशोधनों को स्वीकार कर विपक्षी संशोधनों को खारिज कर दिया। विपक्षी सदस्यों ने विधेयक के 44 प्रावधानों में संशोधन की मांग की और इसे “दमनकारी” तथा मुस्लिमों के धार्मिक मामलों में अनावश्यक हस्तक्षेप वाला बताया।

वक़्फ (संशोधन) विधेयक को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रीजीजू द्वारा 2024 में लोकसभा में पेश करने के बाद, 8 अगस्त 2024 को जेपीसी को भेजा गया था। विधेयक का उद्देश्य वक़्फ अधिनियम, 1995 में संशोधन करके वक़्फ संपत्तियों के प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों और मुद्दों का समाधान करना है।

आज की कार्यवाही में इन दोनों महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा के साथ-साथ बजट सत्र के पहले चरण का समापन भी शामिल है, जिससे आने वाले दिनों में संसद में और अधिक बहस और विरोधाभास देखने को मिल सकते हैं।