वक्फ कानून के खिलाफ कोलकाता जा रहे ISF समर्थकों को रोका तो हुई पुलिस से हिंसक झड़प,प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियां फूंकीं
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर इलाके में सोमवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब पुलिस और इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF) के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। यह घटना तब हुई जब पुलिस ने वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ कोलकाता में एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे ISF कार्यकर्ताओं के वाहनों को रोक दिया।
जानकारी के अनुसार, ISF के समर्थक बसों और अन्य वाहनों में सवार होकर वक्फ संशोधन कानून के विरोध में कोलकाता के रामलीला मैदान की ओर जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें भांगर के पास बसंती एक्सप्रेसवे पर आगे बढ़ने से रोक दिया। रोके जाने से नाराज ISF कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर एक्सप्रेसवे जाम कर दिया, जिसके बाद उनकी पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक और फिर हिंसक झड़प शुरू हो गई।
सामने आए वीडियो और तस्वीरों में झड़प के बाद की स्थिति भयावह दिख रही है। प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पुलिस की एक गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया और कई दोपहिया वाहनों में आग लगा दी। हालात को काबू में करने और उग्र भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
यह पूरा विवाद वक्फ संशोधन कानून को लेकर है, जिसका ISF समेत कई संगठन विरोध कर रहे हैं। इस कानून के खिलाफ हाल ही में पश्चिम बंगाल के मालदा और मुर्शिदाबाद जैसे जिलों में भी काफी हिंसा हुई थी। राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) और मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) इन हिंसक घटनाओं के लिए एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
गौरतलब है कि इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF) पश्चिम बंगाल विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के अलावा एकमात्र प्रतिनिधित्व रखने वाली पार्टी है। फिलहाल, भांगर इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।









