MBD WEB NEWS

लुधियाना पुलिस का ‘कासो’ ऑपरेशन, 18 केसों में वांटेड 5 नशा तस्कर गिरफ्तार; 3 फरार

लुधियाना पुलिस का ‘कासो’ ऑपरेशन, 18 केसों में वांटेड 5 नशा तस्कर गिरफ्तार; 3 फरार

 

 

लुधियाना: नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम के तहत लुधियाना पुलिस ने आज सुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना लाडोवाल के अंतर्गत आते गांव तलवंडी में ‘कासो’ (घेराबंदी और तलाशी अभियान) ऑपरेशन के तहत पुलिस ने नशा तस्करों के ठिकानों पर सुबह-सुबह दबिश दी। एक हफ्ते से पुलिस की रडार पर चल रहे 8 तस्करों में से 5 को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि 3 मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

पकड़े गए आरोपियों के पास से विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थ बरामद हुए हैं। ये सभी शातिर अपराधी हैं, जिन पर पहले से ही नशा तस्करी के 18 मामले दर्ज हैं और ये जमानत पर बाहर थे।

पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया, “हमारी टीमों ने गुप्त तरीके से गांव तलवंडी में इस ऑपरेशन की योजना बनाई थी। हमारे रडार पर 8 संदिग्ध थे, जिन पर पिछले एक हफ्ते से नजर रखी जा रही थी। आज सुबह की छापेमारी में 5 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे बरामद हुए नशे की मात्रा के बारे में विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी।”

कमिश्नर शर्मा ने बताया कि लुधियाना पुलिस नशा तस्करों पर लगातार नकेल कस रही है। उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए कहा कि मार्च से लेकर अब तक, पिछले चार महीनों में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ 467 एफआईआर दर्ज की हैं और 623 तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। जिले में दर्ज हो रहे कुल मामलों में से 92 फीसदी मामले नशा तस्करी से ही जुड़े हैं।

पुलिस कमिश्नर ने यह भी स्पष्ट किया कि जमानत पर बाहर आए हर अपराधी की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाती है, जिसमें यह पता लगाया जाता है कि वह किन लोगों से मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इस मुहिम के तहत पिछले 4 महीनों में पुलिस ने 20 किलो हेरोइन, 15 किलो अफीम और 3 क्विंटल चूरापोस्त जैसी भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।