MBD WEB NEWS

रफ्तार का कहर; 100 की स्पीड में दौड़ती स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार दो दोस्तों को मारी टक्कर, दोनों की दर्दनाक मौत; VIDEO आया सामने..

रफ्तार का कहर; 100 की स्पीड में दौड़ती स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार दो दोस्तों को मारी टक्कर, दोनों की दर्दनाक मौत; VIDEO आया सामने..

 

जयपुर : राजस्थान की राजधानी जयपुर में बेलगाम और तेज रफ्तार गाड़ियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले कुछ समय में थार और ऑडी जैसी लग्जरी गाड़ियों के कहर के बाद, अब एक तेज रफ्तार सफेद स्कॉर्पियो ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। इस भयानक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है। दिल दहला देने वाली इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रात 12 बजे हुआ खौफनाक हादसा, हवा में उछल गई स्कूटी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा सोमवार (16 फरवरी) की आधी रात करीब 12 बजे झोटवाड़ा इलाके में कांटा चौराहे के आगे महाराणा प्रताप चौराहा स्कूल के ठीक सामने हुआ। मृतकों की पहचान भरतपुर निवासी वीरेंद्र और नीम का थाना निवासी मोहित शर्मा के रूप में हुई है। वीरेंद्र अपोलो फार्मेसी में काम करता था। दोनों गहरे दोस्त थे और जयपुर के पांचावाला इलाके में किराए के मकान में रहते थे। बीती रात दोनों खाना खाने के बाद अपनी एक्टिवा स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार सफेद स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी हवा में उछलकर दूर जा गिरी और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

100 की स्पीड में थी गाड़ी, अंधेरे का फायदा उठाकर चालक फरार

जिस सड़क पर यह हादसा हुआ, वहां प्रशासन द्वारा गाड़ी चलाने की अधिकतम गति सीमा 30 किलोमीटर प्रति घंटे तय की गई है। लेकिन, प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के आधार पर बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक थी। हादसे के तुरंत बाद स्कॉर्पियो भी अनियंत्रित हो गई थी, लेकिन चालक कुछ ही देर में गाड़ी संभालकर मौके से भाग निकलने में कामयाब रहा। पुलिस को शक है कि आरोपी चालक शराब के नशे में धुत हो सकता है। फिलहाल जो वीडियो सामने आया है उसमें गाड़ी का नंबर साफ नहीं दिख रहा है, इसलिए पुलिस अन्य रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। वहीं, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए हैं।