मॉर्निंग वॉक पर निकले वकील की सरेआम गोली मारकर हुई हत्या, CCTV में कैद हुआ मौत का खौफनाक मंजर
मिर्जापुर : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक बेहद खौफनाक और कानून व्यवस्था को चिढ़ाने वाली वारदात सामने आई है। यहां कटरा कोतवाली क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक वरिष्ठ अधिवक्ता और ग्राम प्रधान की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। इस दुस्साहसिक वारदात का पूरा लाइव सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे शहर में दहशत और सनसनी फैला दी है।
मॉर्निंग वॉक पर निकले थे वकील, बदमाशों ने बिल्कुल करीब से मारी गोली
रोंगटे खड़े कर देने वाली यह वारदात कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र के कतवारू इलाके की है। जानकारी के मुताबिक, वरिष्ठ अधिवक्ता और ग्राम प्रधान राजीव सिंह उर्फ रिंकू रोज की तरह सुबह-सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अज्ञात बदमाश उनके पास पहुंचे। इससे पहले कि राजीव सिंह कुछ समझ पाते, एक बदमाश ने उन पर देसी तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बदमाशों ने उन्हें बिल्कुल करीब से निशाना बनाया, जिसके चलते गोली लगने से राजीव सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हत्या के बाद स्टार्ट नहीं हुई बाइक, लोगों को तमंचा दिखाकर भागे कातिल
इस खौफनाक हत्याकांड के वायरल सीसीटीवी वीडियो में कातिलों की हड़बड़ाहट और दुस्साहस दोनों साफ देखे जा सकते हैं। वीडियो में नजर आ रहा है कि हत्या को अंजाम देने के बाद जब बदमाश भागने लगे, तो उनकी मोटरसाइकिल स्टार्ट ही नहीं हुई। इसके बाद गोली चलाने वाले हत्यारे ने खुद आगे की सीट पर बैठकर बाइक को स्टार्ट करने की कोशिश की। इसी बीच जब वारदात को देखकर कुछ स्थानीय लोग हिम्मत जुटाकर उन्हें पकड़ने के लिए आगे बढ़े, तो पीछे बैठे बदमाश ने उन्हें अपना देसी तमंचा दिखाकर डरा दिया। खौफ के मारे लोग पीछे हट गए और जैसे ही मोटरसाइकिल स्टार्ट हुई, दोनों हत्यारे आसानी से मौके से फरार हो गए।









