MBD WEB NEWS

मुख्यमंत्री मान के काफिले का घेराव करने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू को पुलिस ने लिया हिरासत में, बोले- पर्चों से नहीं दबेगी आवाज

मुख्यमंत्री मान के काफिले का घेराव करने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू को पुलिस ने लिया हिरासत में, बोले- पर्चों से नहीं दबेगी आवाज

 

 

लुधियाना : पंजाब में आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच जारी सियासी घमासान शनिवार को उस समय चरम पर पहुंच गया, जब पंजाब पुलिस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू को हिरासत में ले लिया। यह ड्रामा पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU) के मुख्य द्वार पर उस वक्त हुआ, जब मुख्यमंत्री भगवंत मान वहां आयोजित वार्षिक किसान मेले का उद्घाटन करने पहुंचे थे। बिट्टू अपने समर्थकों के साथ पहले से ही गेट पर डटे हुए थे और उन्होंने मुख्यमंत्री के काफिले के सामने कड़ा विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

कल काफिले पर फेंके गए अंडे-टमाटर लेकर पहुंचे थे बिट्टू
विरोध प्रदर्शन के दौरान रवनीत बिट्टू अनोखे अंदाज में नजर आए। उन्होंने एक दिन पहले बटाला के पास अपने काफिले पर कथित तौर पर फेंके गए अंडे और टमाटर हाथ में लेकर प्रदर्शन किया और उन्हें प्रशासन के सामने वापस किया। गौरतलब है कि शुक्रवार को जब बिट्टू अमृतसर से पठानकोट की ओर भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ में शिरकत करने जा रहे थे, तब उनके काफिले पर कुछ लोगों द्वारा पथराव, अंडे-टमाटर फेंकने और गाड़ियों को नुकसान पहुंचाने की घटना सामने आई थी। बिट्टू ने इसका सीधा आरोप ‘आप’ कार्यकर्ताओं पर लगाया था।

‘हिरासत और झूठे पर्चों से नहीं दबेगी जनता की आवाज’
पंजाब पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के तुरंत बाद रवनीत बिट्टू के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) से एक पोस्ट साझा की गई। पोस्ट में सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा गया, “लोगों की आवाज को हिरासत और झूठे पर्चों (एफआईआर) से दबाया नहीं जा सकता। आज पंजाब पुलिस ने हमें हिरासत में ले लिया है, लेकिन हमारा हौसला पूरी तरह बुलंद है।” बिट्टू ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा के नेताओं, रैलियों और जनयात्राओं को निशाना बनाएंगे, तो भाजपा कार्यकर्ता भी चुप नहीं बैठेंगे और लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के मंत्रियों व नेताओं का हर मोर्चे पर विरोध करेंगे।

पंजाब में नशा मुक्ति यात्रा को लेकर गरमाई सियासत
भाजपा नेता ने स्पष्ट किया कि धमकियों और पुलिसिया कार्रवाई के बावजूद भाजपा पंजाब से जुड़े जनहित के मुद्दे उठाने से पीछे नहीं हटने वाली है। राज्य में नशा मुक्ति अभियान को लेकर निकाली जा रही भाजपा की रथ यात्रा और उस पर हुए हमलों ने दोनों दलों के बीच तनाव को काफी बढ़ा दिया है। शनिवार को PAU गेट पर हुए इस हंगामे और बिट्टू की गिरफ्तारी के बाद पूरे पंजाब में सियासी पारा गरमा गया है और भाजपा कार्यकर्ताओं में सरकार के रवैये को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।