MBD WEB NEWS

मुंबई के लालबाग में गणपति पंडाल के नजदीक हुआ बड़ा हादसा, करंट लगने से 2 की मौत, 4 घायल

मुंबई के लालबाग में गणपति पंडाल के नजदीक हुआ बड़ा हादसा, करंट लगने से 2 की मौत, 4 घायल

 

मुंबई : मुंबई के लालबाग इलाके में गणपति उत्सव के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। कालाचौकी में दत्ताराम लाड मार्ग स्थित कालाचौकी विभाग सार्वजनिक उत्सव मंडल के गणपति पंडाल के पास करंट लगने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। मृतकों में 8 साल की बच्ची भी शामिल है। हादसा रात करीब 3 बजे हुआ, जब इलाके में गणपति दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग, बेस्ट, ईस्ट और नगर निगम वॉर्ड कार्यालय के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल बायकुला स्थित मसीना अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों के मुताबिक चारों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार हादसे में 8 वर्षीय रागनी यादव की मौत हो गई। वहीं किरण अकबर नाइक, तन्वी नरेश, साहिल संदीप तारे और रूही सिंह घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस घटना से एक दिन पहले ही लालबागचा राजा गणेश पंडाल के पास पुणे के 25 वर्षीय युवक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। अधिकारियों के मुताबिक बृहस्पतिवार को जयदीप मेघराज नेमाडे अपने दोस्तों के साथ पंडाल के बगल वाली इमारत के बाहर बैठे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक सीने में तकलीफ हुई और उनकी तबीयत बिगड़ गई।

लालबाग गणेशोत्सव मंडल के पदाधिकारियों ने उन्हें एंबुलेंस से पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कालाचौकी पुलिस ने इस मामले में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार जयदीप के परिवार ने किसी तरह की गड़बड़ी की शिकायत नहीं की है और न ही किसी पर संदेह जताया है।

गणपति उत्सव के दौरान लालबागचा राजा के दर्शन के लिए हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।