मिर्जापुर में लापरवाही के कारण हुआ दर्दनाक हादसा : ट्रेन की चपेट में आने से 6 श्रद्धालुओं की मौत; गंगा स्नान करने जा रहे थे सभी
मिर्जापुर : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। चुनार रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर पटरियां पार कर रहे 6 यात्रियों की कालका मेल की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और शवों को लाइन से हटवाकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब सवा 9 बजे गोमो–प्रयागराज एक्सप्रेस से कुछ यात्री उतरकर गलत दिशा से रेलवे लाइन पार कर रहे थे। उसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर तीन से गुजर रही कालका मेल की चपेट में आने से सभी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए आए थे।
पुलिस ने जिन शवों की पहचान की है, उनमें सविता (28) पत्नी राजकुमार, निवासी कमरिया थाना राजगढ़; साधना (16) पुत्री विजय शंकर बिंद; शिव कुमारी (12) पुत्री विजय शंकर; अप्पू देवी (20) पुत्री श्याम प्रसाद; सुशीला देवी (60) पत्नी स्व. मोतीलाल, निवासी महुआरी थाना पड़री; और कलावती देवी (50) पत्नी जनार्दन यादव, निवासी बसवा थाना कर्मा, सोनभद्र शामिल हैं। हादसे के बाद चुनार स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया। एएसपी ऑपरेशन मनीष कुमार मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच के निर्देश दिए।









