MBD WEB NEWS

बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का आज होगा ऐलान, शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा EC..

बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का आज होगा ऐलान, शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा EC..

 

 

नई दिल्ली : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर चल रहा इंतजार आज (सोमवार, 6 अक्टूबर) खत्म होने जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग आज शाम 4 बजे दिल्ली के विज्ञान भवन में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा। इसके साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो जाएगी।

मौजूदा 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर, 2025 को समाप्त हो रहा है। इससे पहले राज्य के लगभग सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने चुनाव आयोग से आग्रह किया था कि मतदान छठ महापर्व (25 से 28 अक्टूबर) के बाद करवाया जाए। दलों का तर्क है कि त्योहारों के समय बड़ी संख्या में प्रवासी बिहारी घर लौटते हैं, जिससे मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी सुनिश्चित की जा सकेगी।

तारीखों के ऐलान से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त एस.एस. संधू एवं विवेक जोशी ने पटना का दो दिवसीय दौरा कर तैयारियों की गहन समीक्षा की थी। इस दौरान आयोग की टीम ने 6 राष्ट्रीय और 6 राज्य स्तरीय दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनके सुझाव लिए थे। दलों ने हर मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या 1500 से घटाकर 1200 करने के आयोग के कदम की सराहना की, जिससे मतदान के दिन भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

आयोग ने राज्य के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था, ईवीएम प्रबंधन और मतदाता जागरूकता जैसे अहम पहलुओं पर भी विस्तृत चर्चा की। साथ ही, सभी जिला अधिकारियों को सोशल मीडिया पर फैलाई जाने वाली फर्जी खबरों पर कड़ी नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।