बाढ़ पीड़ितों की मदद को जुटे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक, प्रभावित इलाकों में शुरू किया राहत कार्य
MBD NEWS: जालंधर (सुमेश शर्मा): बाढ़ के रूप में पंजाब पर आई प्राकृतिक आपदा के दौरान इससे प्रभावित गांव वालों की सहायता के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समाज के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य में जुट गया है। संघ के पंजाब प्रान्त संघचालक स. इकबाल सिंह ने स्वयंसेवकों से सेवा कार्यों में एकजुट होने को कहा है। स्वयंसेवकों के सेवावृत्ति के स्वभाव के चलते संघ के स्वयंसेवकों ने कई स्थानों पर राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ सेवाकार्य भी शुरू कर दिए हैं।
स. इकबाल सिंह ने बताया कि गुरदासपुर में स्वयंसेवकों ने कई ट्रालियों में सामान जिसमें, दूध, चीनी, घरेलू राशन, पीने का पानी व दवाईयां आदि 10 गांवों में पीडि़तों तक पहुंचाया है। इस इलाके में ऐसे गांवों में भी राहत सामग्री पहुंचाई है जहां अभी तक कोई पहुंचा नहीं है। यहां स्वयंसेवक प्रशासन के साथ भी सहयोग कर रहे हैं। इसी तरह कपूरथला जिले में स्वयंसेवक पूरी टीम के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को घरेलू सामान, ऑडोमास, मोमबत्तियां-माचिस, पेट की दवाईयां, ओआरएस व अन्य सामान उपलब्ध करवा रहे हैं।
मुकेरियां इलाके में स्वयंसेवकों ने भंगाला खण्ड के गांव हलेड, कोलिया, सिम्बली, बामणी , ब्रह्मपुर, कठलोर, हताबपुर में बाढ़ पीडि़तों की सहायता की। मेहताबपुर के आसपास कई-कई फीट पानी भर गया था। लेकिन लोगों के पास पहनने के कपड़े तक नही बचे। पीड़ित लोगों ने संस्थाओं से कपड़े भेजने की अपील की है। पानी उतरने के बाद इलाके की साफ सफाई, स्वच्छता, लोगों की सहायता करने का काम स्वयंसेकों ने किया। स. इकबाल सिंह ने बताया कि इसके अतिरिक्त भी जिन-जिन स्थानों पर बाढ़ का खतरा बढ़ रहा है स्वयंसेवकों को समाज व अन्य सामाजिक संगठनों के साथ मिल कर काम करने, उनका यथासम्भव सहयोग करने को कहा गया है।











