MBD WEB NEWS

पूर्व विधायक के भतीजे के कत्ल की बात लोगों तक पहुंचते ही इलाके में हर तरफ फैली सनसनी..

 पूर्व विधायक के भतीजे के कत्ल की बात लोगों तक पहुंचते ही इलाके में हर तरफ फैली सनसनी..

 

MBD NEWS (सुमेश शर्मा) जालंधर में बढ़ती वारदातों के कारण जहां लोगों में दहशत का माहौल बना रहता है वही लगातार हो रहे लड़ाई झगड़े शहर वासियों के लिए मुसीबत बने हुए हैं अक्सर नशे के सेवन के उपरांत होने वाली लड़ाई कत्ल तक पहुंच जाती हैं। सरकार व पुलिस प्रशासन नशे को खत्म करने के बड़े बड़े दावे करता है लेकिन ऐसी वारदातें उनके द्वारा की जा रही कार्यवाहियों की पोल खोल देती है।

जालंधर से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। शहर के बस्ती दानिशमंदा इलाके में देर शाम पूर्व विधायक शीतल अंगुराल के भतीजे की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 17 वर्षीय विकास के रूप में हुई है, जो पूर्व विधायक शीतल अंगुराल के चचेरे भाई का बेटा था।

सूत्रों के अनुसार, आज शाम को अचानक इलाके में हड़कंप मच गया जब कुछ बदमाशों ने विकास पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि बदमाश तेजधार हथियारों से लैस थे और उन्होंने युवक पर बेरहमी से वार किए। स्थानीय लोगों ने जब घटना को देखा तो तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बेहद गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में मातम का माहौल फैल गया और पूरे इलाके में दहशत का वातावरण बन गया है।

प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या की वजह आपसी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस इस पहलू को मुख्य आधार मानकर जांच आगे बढ़ा रही है। हत्या की सूचना मिलते ही थाना पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से सुराग जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।

शीतल ने मीडिया से बात करते हुए कहा – नशेड़ियों ने मेरे भतीजे का कत्ल किया शीतल अंगुराल ने कहा कि मेरा जन्म भी बस्ती दानिशमंदा एरिया में हुआ है। इस कत्ल का कारण नशा है। इस एरिया में नशा खुलेआम बिकता है। मेरे भतीजे का कत्ल भी नशेड़ियों ने किया है। मैं परिषद चुनाव के कारण कैंट एरिया में था। मुझे बड़े भाई का फोन आया कि किसी ने विकास पर हमला कर दिया है। अस्पताल पहुंचा तो पता चला कि विकास की डेथ हो गई है। भाजपा नेता शीतल अंगुराल ने बताया कि युवक की पहचान कालू नामक युवक के तौर पर हुई है। हमला करने वाले तीन लोग थे। दो अन्य कौन थे, इसकी पुलिस जांच कर रही है। अभी किसी भी आरोपी को अरेस्ट नहीं किया गया है। शीतल का कहना है कि अभी सुबह में भतीजे को हंसते-खेलते छोड़कर गया था। घर जाकर क्या जवाब दूंगा। पूर्व विधायक ने ये भी बताया कि ये जो कालू नामक युवक है ये नशे का धंधा करता है और पुलिस पर भी हमला कर चुका है।