पुलिस की कार्यवाही पर उठने लगे सवाल;लोग बोले पुलिस ठीक से तलाशी लेती तो शायद बच सकती थी मासूम की जान, 2 घंटे बाद घर में मिला शव
जालंधर में पुलिस लापरवाही न बरतती तो शायद रेप की कोशिश के बाद कत्ल की गई 13 साल की लड़की जिंदा होती। पुलिस आरोपी पड़ोसी के घर में गई लेकिन सही ढंग से जांच नहीं की। मगर, 2 घंटे बाद जब लोग घर में घुसे तो बाथरूम में लड़की की लाश मिल गई। इस मामले में अफसरों ने तलाशी लेने वाले ASI मंगतराम को सस्पेंड जरूर कर दिया लेकिन पुलिस की कारगुजारी पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
लोगों के पुलिस पर ये 5 सवाल
ASI लड़की को क्यों नहीं ढूंढ पाया ?
महिला पुलिसकर्मी साथ क्यों नहीं लाए ?
अंदर कार किसकी थी, क्या योजना थी ?
क्या ASI ने अंदर आरोपी के साथ कोई सेटिंग की थी?
क्या ASI को लड़की की मौत का पता चल चुका था ?
परिवार का आरोप है कि ASI मंगतराम 20 मिनट तक घर के अंदर रहा। फिर बाहर आकर बोला कि मैंने पूरा घर देख लिया, आपकी बेटी यहां नहीं है। फिर वह आगे की जांच करने के बजाय वहां से चला गया। यह देख आरोपी ने भी गेट बंद कर दिया। परिवार ने शक जताया कि कहीं ऐसा न हो कि बेटी तब तक जिंदा रही हो और पुलिस तक मामला पहुंचने के बाद उसने बेटी की हत्या कर दी गई हो।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि उसने घर में कार मंगाई थी, जिसमें बेटी की लाश ठिकाने लगाने की तैयारी थी। आरोपी के पास तो कोई गाड़ी नहीं है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि ASI को सस्पेंड किया जा चुका है। बाकी आरोपों की भी जांच करेंगे।











