पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर बरसाए बम; मार गिराए 350 तालिबानी..
नई दिल्ली : इजरायल और ईरान के बीच चल रहे भीषण युद्ध के बीच अब भारत के पड़ोस में भी हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पिछले चार दिनों से खूनी जंग जारी है, जिसने पूरे साउथ एशिया की धड़कनें बढ़ा दी हैं। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उनके मुल्क ने अफगानिस्तान के 41 ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं। इन हमलों में अब तक 350 से ज्यादा तालिबान लड़ाके मारे जा चुके हैं। इसके अलावा 130 तालिबानी चौकियों को पूरी तरह से तबाह कर दिया गया है और करीब 530 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
रक्षा मंत्री ने किया खुली जंग का ऐलान, शांति की कोशिशें हुईं फेल
इस खूनी संघर्ष को लेकर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने पहले ही यह खौफनाक ऐलान कर दिया था कि अफगानिस्तान के साथ अब पाकिस्तान की खुली जंग शुरू हो चुकी है। उनका आरोप था कि तालिबान ने पाकिस्तानी सीमा में घुसपैठ कर हमले किए हैं, जिसका अब मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। इसी के तहत पाकिस्तान ने काबुल और कंधार समेत अफगानिस्तान के कई बड़े और अहम शहरों को अपना निशाना बनाया है। इस बढ़ते तनाव को कम करने के लिए तुर्की और कतर जैसे देशों ने दोनों मुल्कों के बीच मध्यस्थता कराने की भरपूर कोशिश की, लेकिन उनके सभी प्रयास पूरी तरह विफल साबित हुए।
तालिबान का भीषण पलटवार, पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर कब्जे का दावा
एक तरफ जहां पाकिस्तान अपनी जीत के दावे कर रहा है, वहीं दूसरी ओर अफगानिस्तान ने भी पलटवार करते हुए पाकिस्तान के होश उड़ा दिए हैं। तालिबान का दावा है कि उसके लड़ाकों ने जवाबी कार्रवाई में 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया है। इतना ही नहीं, अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के दो बड़े मिलिट्री बेस और 19 मिलिट्री पोस्ट पर भी अपना कब्जा जमा लेने का सनसनीखेज दावा किया है। हालांकि, पाकिस्तान की सेना और सरकार ने अफगानिस्तान के इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है।









