पहाड़ो पर हो रही बेतहाशा बारिश की चपेट में आया वन्यजीव तेंदुआ, बाढ़ के पानी में तैरता मिला तेंदुए का शव…
देहरादून : पूरे उत्तर भारत में मानसून की बारिश कहर बनकर बरस रही है, जिससे मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पंजाब जैसे राज्यों में जहां बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया है, वहीं पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन, बादल फटने और बाढ़ की खौफनाक तस्वीरें सामने आ रही हैं। इस आपदा का सबसे भयावह चेहरा उत्तराखंड में देखने को मिल रहा है, जहां पिछले 24 घंटों में सामान्य से 273 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
इस प्राकृतिक आपदा का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं, बल्कि बेजुबान जंगली जानवरों पर भी पड़ रहा है। उत्तराखंड, जो बाघ, तेंदुए और हाथियों का घर है, वहां से दिल को दहला देने वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं।
बाढ़ में डूबे तेंदुए का वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर एक दर्दनाक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे उत्तराखंड सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के विशेष सचिव, डॉक्टर पीएम ढकाते ने साझा किया है। वीडियो में एक तेंदुए का शव बाढ़ के तेज बहाव में तैरता हुआ दिखाई दे रहा है। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा, “दिल तोड़ने वाला नुकसान। उत्तराखंड में भारी बारिश की वजह से आए बाढ़ में एक तेंदुआ डूब गया। प्रकृति की शक्ति सबसे ऊपर है..वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए भी सजग रहें।”
यह घटना राज्य में वन्यजीवों पर पड़ रहे आपदा के असर को बयां करती है। 2022 की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तराखंड में 652 से अधिक तेंदुए थे, हालांकि यह संख्या 2018 के 839 के आंकड़े से कम थी।
नदी में बहा हाथी, बाल-बाल बची जान
पिछले हफ्ते ही, रामनगर स्थित जिम कॉर्बेट पार्क के पास से एक और परेशान करने वाला वीडियो सामने आया था, जिसमें एक हाथी कोसी नदी के तेज बहाव में बहता दिख रहा था। हालांकि, गनीमत यह रही कि हाथी ने हिम्मत नहीं हारी और काफी संघर्ष के बाद खुद को संतुलित कर सुरक्षित नदी से बाहर निकलने में सफल रहा।
प्रदेश में जन-जीवन अस्त-व्यस्त, सड़कें बंद
भारी बारिश और भूस्खलन के कारण उत्तराखंड में 486 से ज्यादा सड़कें बंद हो चुकी हैं, जिससे कई इलाकों का संपर्क टूट गया है। मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए राज्य के 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 3 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत कई अन्य राज्यों में भी भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।









