पंजाब सरकार ने लांच किया फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल,राज्य में उद्योग लगाना होगा आसान..
चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल लॉन्च किया। इस अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पंजाब के उद्योग जगत को बड़ा लाभ मिलेगा और राज्य में उद्योग लगाना आसान हो जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि अब किसी भी उद्योग को स्थापित करने के लिए 45 दिनों के भीतर मंजूरी मिल जाएगी। सभी मंजूरियों के लिए सिंगल विंडो की सुविधा है यानि अलग-अलग विभागों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। 125 करोड़ के निवेश के लिए केवल 3 दिन में मंजूरी मिल जाएगी। इस दौरान संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उद्योगपतियों के सुझावों का स्वागत है और उनके सुझावों पर सरकार अमल करेगी। उन्होंने कहा कि कारोबार से जुड़ी बाधाओं को दूर किया जाएगा।

पंजाब सरकार का दावा है कि राज्य में अब तक करीब 88 हजार करोड़ का निवेश उनकी सरकार आने के बाद हो चुका है। करीब 4 लाख लोगों को रोजगार मिला है। नई लॉजिस्टिक्स और लॉजिस्टिक्स पार्क नीति लागू की गई है। ग्रीन स्टांप पेपर व सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम लागू किया गया है। इसके अलावा सरकार ने नियम आसान बनाए हैं। इससे राज्य में निवेश होगा।











