चंडीगढ़- श्री आनंदपुर साहिब में गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी शताब्दी के उपलक्ष्य में आयोजित ऐतिहासिक कार्यक्रम के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्रद्धा, विकास और सुविधाओं से जुड़ी कई अहम घोषणाएं कीं।
गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर वर्ल्ड-क्लास यूनिवर्सिटी
सीएम मान ने कहा कि राज्य सरकार गुरु तेग बहादुर जी की शहादत और उनके आध्यात्मिक संदेश को समर्पित एक विश्व-स्तरीय यूनिवर्सिटी स्थापित करेगी, जो शिक्षा, अध्यात्म और रिसर्च का केंद्र बनेगी।
तीर्थ स्थलों के लिए मुफ्त बस और ऑटो सेवा
उन्होंने ऐलान किया कि अमृतसर साहिब, तलवंडी साबों और श्री आनंदपुर साहिब में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह मुफ्त बस और ऑटो सेवा शुरू की जाएगी। इस सेवा का पूरा खर्च पंजाब सरकार उठाएगी, ताकि किसी भी श्रद्धालु को तीर्थ यात्रा के दौरान आर्थिक बोझ न झेलना पड़े।
नई हैरिटेज स्ट्रीट और शहर का संपूर्ण विकास
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्री आनंदपुर साहिब में एक नई हैरिटेज स्ट्रीट विकसित की जाएगी, जो परंपरा, संस्कृति और आधुनिक ढांचे का सुंदर संगम होगी। उन्होंने यह भी कहा कि चरन गंगा स्टेडियम को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ अपग्रेड किया जाएगा।
सीएम मान ने घोषणा की कि शहर की सभी सरकारी दुकानों को एक समान रंग और डिज़ाइन में विकसित किया जाएगा, ताकि पूरे पवित्र शहर का लुक एकसार, आकर्षक और हैरिटेज थीम के अनुरूप दिखे। सीएम ने कहा कि इतिहास में ऐसी मिसाल नहीं मिलती कि किसी एक ही व्यक्ति का संस्कार दो जगह हुआ हो। उन्होंने यह बात गुरु तेग बहादुर जी के अद्वितीय बलिदान के संदर्भ में कही, जो कार्यक्रम का अहम भावनात्मक हिस्सा था।











