MBD WEB NEWS

पंजाब पुलिस ने गोल्डी बराड़ से जुड़े गैंग का किया भंडाफोड़, 10 शूटर-सप्लायर गिरफ्तार; 12 हथियार बरामद

पंजाब पुलिस ने गोल्डी बराड़ से जुड़े गैंग का किया भंडाफोड़, 10 शूटर-सप्लायर गिरफ्तार; 12 हथियार बरामद

लुधियाना : लुधियाना में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट ने कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ से जुड़े हथियार सप्लाई और उगाही नेटवर्क का खुलासा किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 शूटर और हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है तथा उनके कब्जे से 12 अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं।

 पुलिस के अनुसार, बरामद हथियारों में दो ऑस्ट्रियन ग्लॉक पिस्टल सहित अन्य आधुनिक हथियार शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पंजाब में अवैध हथियारों की तस्करी, उगाही और सुपारी देकर हत्या जैसी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था। आरोप है कि यह नेटवर्क राज्य में भय का माहौल बनाने की साजिश रच रहा था।

पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और संगठित अपराध को जड़ से खत्म करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।