पंजाब के 1300 से अधिक गांव आये बाढ़ की चपेट में वहीं सतलुज के जलस्तरमें हुई बढ़ोतरी..
चंडीगढ़ – पंजाब में अभी भी बाढ़ का कहर जारी है। अधिकतर शहरों में बरसात रुक नहीं रही और दरियाओं का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। बारिश के कारण कच्चे घरों की छतें गिर रही हैं। अमृतसर के कस्बा सठियाला में एक गरीब परिवार के मकान की छत गिरने से एक बच्ची की मौत हो गई। कुलदीप सिंह ने बताया कि मेरे भाई राजविंदर सिंह का परिवार मकान के नीचे बैठा था और लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की छत गिर गई और 11 साल की रमनजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई और उसकी माता रमनजीत कौर और उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें सरकारी अस्पताल बाबा बकाला साहिब में भर्ती कराया गया।
फिल्लौर में सतलुज का जलस्तर बढ़ने से श्री शनि मंदिर में 2 फीट तक पानी घुस चुका है। जिला प्रशासन के अधिकारी सतलुज दरिया के पास मौजूद हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 1312 गांव प्रभावित हो चुके हैं। आज भी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी है। वहीं, भाखड़ा का जलस्तर खतरे के निशान से मात्र 3 फीट नीचे रह गया है। पोंग डैम: सुबह 6 बजे डैम का जलस्तर 1390.63 फीट दर्ज किया गया। डैम में पानी की आवक 96,777 क्यूसेक है, जबकि पानी का निकास 95,836 क्यूसेक है।











