पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का ऐलान, देश भर में शैक्षिक भ्रमण पर जाएंगे उत्तम प्रदर्शन करने वाले छात्र…
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपनी-अपनी पसंद के क्षेत्र में रोल मॉडल का चयन जरूर करें लेकिन सावधानी के साथ. छात्रों को उनके सुनहरे भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की है कि वे भविष्य में अपनी अलग पहचान बनाएंगे.
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को देश के प्रमुख शैक्षिक संस्थानों में भेजने की घोषणा की है. इन छात्रों को हवाई यात्रा के माध्यम से शैक्षिक भ्रमण के लिए भेजा जाएगा ताकि उनके ज्ञान के दायरे को विस्तार मिल सके. मुख्यमंत्री ने अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों की प्रशंसा की. दसवीं और बारहवीं कक्षा में मेरिट में आए छात्रों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि यह सभी के लिए गर्व और संतुष्टि का क्षण है.
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जहां छात्रों ने इस सफलता के लिए आधी-आधी रात तक मेहनत की है, वहीं इन छात्रों का मार्गदर्शन करने वाले माता-पिता और शिक्षकों का योगदान भी कम नहीं है. भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार ने इन छात्रों की उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए इस तरह के समारोह का आयोजन किया है.
सफल छात्र अब अपने जूनियर्स के आदर्श
सभी सफल छात्रों, शिक्षकों और उनके माता-पिता को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन है. पूरे राज्य से मेधावी छात्र यहां पहुंचे हैं. इन युवाओं को सम्मानित करना राज्य सरकार का सौभाग्य है. भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह समारोह मुख्य रूप से छात्रों में विश्वास पैदा करने का अभ्यास है क्योंकि वे भविष्य के नेता हैं.
भगवंत मान ने कहा कि अब ये छात्र अपने जूनियर्स के लिए रोल मॉडल बन गए हैं और यह उनका नैतिक कर्तव्य है कि वे अन्य छात्रों को भी सफलता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करें. भगवंत सिंह मान ने कहा कि व्यक्तिगत रूप से उनके लिए इन आत्मविश्वास से भरे बच्चों से बातचीत करना बहुत गर्व और खुशी का क्षण है, जो शानदार करियर बनाने की दिशा में तेजी से बढ़ रहे हैं.








