पंजाब के ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद पंजाब कैबिनेट में फेरबदल, चीमा को सौंपा गया परिवहन विभाग
चंडीगढ़ – पंजाब के ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद राज्य सरकार ने तुरंत प्रभाव से कैबिनेट मंत्रियों के विभागों में फेरबदल कर दिया है। प्रशासनिक कामकाज को सुचारु बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया। नई व्यवस्था के तहत वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा को परिवहन विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, डॉ. रवजोत को जेल विभाग का प्रभार दिया गया है। इससे पहले परिवहन और जेल—दोनों ही महत्वपूर्ण विभाग लालजीत सिंह भुल्लर के पास थे।
बता दें कि पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (पीडब्ल्यूसी) के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई की गई थी। इस मामले में पुलिस ने पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश के बाद फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने की है। पुलिस ने अमृतसर में कहा कि भुल्लर को फतेहगढ़ साहिब जिले के मंडी गोविंदगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। उन्हें मंडी गोविंदगढ़ से अमृतसर ले आया गया है।
जानकारी के अनुसार, गगनदीप सिंह रंधावा ने 21 मार्च को आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद से ही इस मामले ने तूल पकड़ लिया था। रंधावा की मौत के पीछे पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर पर प्रताड़ना और मानसिक दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगे थे।









