MBD WEB NEWS

नहीं चाहिए डेटा तो क्यों दें फालतू पैसे? TRAI के नए आदेश से टेलीकॉम कंपनियों में खलबली

नहीं चाहिए डेटा तो क्यों दें फालतू पैसे? TRAI के नए आदेश से टेलीकॉम कंपनियों में खलबली

 

नई दिल्ली : देश के करोड़ों मोबाइल उपभोक्ताओं, खासकर कम आय वर्ग और केवल फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने बड़ी राहत दी है। ट्राई ने रिलायंस जियो, एयरटेल और वोडाफोन आइडिया जैसी सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को कम वैधता वाले सिर्फ ‘वॉइस कॉल और एसएमएस’ प्लान पेश करने का सख्त निर्देश दिया है। नियामक ने कंपनियों को साफ कहा है कि इन प्लान्स में डेटा शामिल नहीं होगा, इसलिए इनकी कीमतों (टैरिफ) में भी उपभोक्ताओं के हित में पर्याप्त और उचित कटौती करनी होगी।

डेटा न चाहने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा फायदा
ट्राई ने अपने ‘दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण (तेरहवां संशोधन) विनियम, 2026’ को अधिसूचित करते हुए यह बड़ा कदम उठाया है। इस फैसले का मुख्य उद्देश्य उन उपभोक्ताओं को लचीले और सस्ते रिचार्ज का विकल्प देना है, जो इंटरनेट या डेटा सेवाओं का बिल्कुल उपयोग नहीं करते। नए नियमों के मुताबिक, टेलीकॉम कंपनियों को 30 दिन या उससे कम वैधता अवधि वाले विशेष टैरिफ वाउचर (STV) बाजार में उतारने होंगे, जिनमें सिर्फ वॉइस कॉलिंग और एसएमएस की सुविधा होगी। वर्तमान में डेटा के साथ मिलने वाले कॉम्बो प्लान्स की तुलना में इन प्लान्स के दाम काफी कम रखने होंगे।

महंगे कॉम्बो प्लान थोपने के खेल पर ट्राई का कड़ा रुख
नियामक ने स्पष्ट किया कि 2024 में लागू किए गए 12वें संशोधन के बाद टेलीकॉम ऑपरेटरों ने केवल वॉइस और एसएमएस वाले किफायती प्लान्स को बाजार से लगभग गायब कर दिया था। बाजार में जो भी कॉलिंग प्लान मौजूद थे, वे ज्यादातर लंबी वैधता और महंगे दामों के साथ थे। इसके चलते गरीब, बुजुर्ग और कम आय वर्ग के उपभोक्ताओं को न चाहते हुए भी डेटा वाले महंगे कॉम्बो पैक खरीदने पड़ रहे थे। उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहे इस अनावश्यक वित्तीय बोझ को खत्म करने के लिए ट्राई ने यह कड़ा हस्तक्षेप किया है।

हर महीने एक ही तारीख पर रिन्यू होने वाला मंथली प्लान भी होगा अनिवार्य
नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, ऑपरेटरों को एक ऐसा केवल वॉइस और एसएमएस वाउचर भी उपलब्ध कराना होगा, जो हर महीने बिल्कुल एक ही निश्चित तारीख को रिन्यू (नवीनीकृत) हो सके। यदि किसी महीने में वह तारीख मौजूद नहीं होगी (जैसे 31 तारीख न होने पर), तो रिन्यूअल उस माह के अंतिम दिन मान्य होगा। इसके अतिरिक्त, कंपनियों को कम अवधि और मासिक प्लान्स के साथ-साथ एक लंबी वैधता वाला ‘केवल कॉलिंग व एसएमएस’ प्लान भी अपने पोर्टफोलियो में रखना अनिवार्य होगा, जिससे हर वर्ग की जरूरत पूरी हो सके।