MBD WEB NEWS

दुबई एयर शो में क्रैश हुए तेजस के शहीद पायलट का आखिरी photo आई सामने

दुबई एयर शो में क्रैश हुए तेजस के शहीद पायलट का आखिरी photo आई सामने

दुबई : दुबई एयर शो 2025 के आखिरी दिन भारतीय वायुसेना के लिए एक अत्यंत दुखद घटना घटी, जब भारत का स्वदेशी लड़ाकू विमान ‘तेजस’ प्रदर्शन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में विमान उड़ा रहे जांबाज पायलट विंग कमांडर नमांश स्याल की मौके पर ही शहादत हो गई। भारतीय वायुसेना ने घटना की पुष्टि करते हुए शोक व्यक्त किया है और हादसे के असल कारणों का पता लगाने के लिए ‘कोर्ट ऑफ इंक्वायरी’ के आदेश जारी कर दिए हैं। यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 2:10 बजे (स्थानीय समय) अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस वक्त हुआ, जब विमान हवाई करतब दिखा रहा था। एक ‘लो रोल’ (कम ऊंचाई पर घुमाव) के दौरान विमान का संतुलन बिगड़ा और वह जोरदार धमाके के साथ जमीन पर आ गिरा।

इस दिल दहला देने वाली घटना के बीच, शहीद विंग कमांडर नमांश स्याल का हादसे से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे शहीद पायलट का ‘आखिरी वीडियो’ माना जा रहा है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। इस वीडियो में विंग कमांडर नमांश स्याल पूरी तरह स्वस्थ और आत्मविश्वास से लबरेज नजर आ रहे थे। वीडियो में उन्हें रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, यूएई में भारतीय राजदूत दीपक मित्तल और विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम महाजन के साथ देखा जा सकता है। इस वीडियो में उनके चेहरे की मुस्कान देखकर किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पलों बाद यह होनहार पायलट देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दे देगा। इससे पहले नमांश ने गुवाहाटी एयर शो में भी अपने शानदार प्रदर्शन से सबका दिल जीता था।

विंग कमांडर नमांश स्याल मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के नागरोटा बागवान के रहने वाले थे। 34 वर्षीय नमांश की शहादत की खबर शुक्रवार दोपहर 3 बजे जब उनके गांव पहुंची, तो वहां मातम पसर गया। उनके घर के बाहर लोगों का तांता लगा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शहीद के ताया जोगिंदर स्याल ने जानकारी दी है कि विंग कमांडर का पार्थिव शरीर रविवार दोपहर 2 बजे गग्गल एयरपोर्ट पहुंचेगा। इसके बाद उनके पैतृक श्मशान घाट सेलुड़ में पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। वायुसेना ने कहा है कि वह इस मुश्किल घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।