MBD WEB NEWS

 दीपक बाली को आम आदमी पार्टी ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र का हलका इंचार्ज किया नियुक्त

 दीपक बाली को आम आदमी पार्टी ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र का हलका इंचार्ज किया नियुक्त

 

जालंधर (उत्तम हिन्दू न्यूज): AAP ने पंजाब में संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाते हुए दीपक बाली को जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र का हलका इंचार्ज नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से 15 अक्टूबर 2026 को जारी नियुक्ति पत्र में इसकी आधिकारिक घोषणा की गई। नियुक्ति पत्र के अनुसार, यह फैसला पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और पंजाब इकाई की ओर से लिया गया है। आम आदमी पार्टी ने दीपक बाली को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दी हैं।

पिछले कई दिनों से कैंट हलके में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर सियासी गलियारों में सुगबुगाहट चल रही थी, जिस पर अब पार्टी नेतृत्व ने आधिकारिक मुहर लगा दी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दीपक बाली आगामी चुनावों में पंजाब कांग्रेस के दिग्गज नेता परगट सिंह के खिलाफ सीधे चुनावी ताल ठोक सकते हैं।

जालंधर नॉर्थ के बाद अब कैंट में अचानक बड़ा बदलाव
जालंधर में आम आदमी पार्टी द्वारा हलका इंचार्ज बदलने का यह लगातार दूसरा बड़ा कदम है। इससे पहले पार्टी ने जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में अचानक बदलाव करते हुए दिनेश ढल्ल की जगह जालंधर के मेयर विनीत धीर को हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी सौंपी थी। नॉर्थ के बाद अब कैंट विधानसभा क्षेत्र में राजविंदर कौर थियाड़ा को हटाकर दीपक बाली को आगे लाने से जिले के राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

दोआबा में पार्टी के संस्थापक चेहरों में शुमार हैं दीपक बाली
दीपक बाली लंबे समय से जालंधर और पूरे दोआबा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे हैं। जालंधर में संगठन को शुरुआती दौर से खड़ा करने वाले पार्टी के कोर मेंबर्स में उनकी गिनती होती है। जमीनी पकड़ और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत समन्वय के चलते पार्टी आलाकमान ने उन पर यह बड़ा दांव खेला है।

‘हमारे राम’ और ‘शिव महिमा’ कार्यक्रमों के सफल आयोजन का मिला इनाम
पार्टी सूत्रों के अनुसार, दीपक बाली पिछले कुछ समय से पूरे दोआबा क्षेत्र में पंजाब सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों- विशेषकर ‘हमारे राम’ और ‘शिव महिमा’ की देखरेख का जिम्मा सफलतापूर्वक संभाल रहे थे। इन विशाल कार्यक्रमों के सफल प्रबंधन और जनता के बीच बने सकारात्मक माहौल को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जालंधर कैंट जैसी हाई-प्रोफाइल सीट पर उतारने का फैसला किया है। बाली की नियुक्ति के बाद कैंट क्षेत्र में पार्टी की सियासी गतिविधियों में तेजी आने की पूरी संभावना है।