दिल्ली लाल किले के नजदीक हुए धमाके में मुख्य आरोपी डॉक्टर उमर के दो भाई कश्मीर से गिरफ्तार, 13 संदिग्धों से पूछताछ

Delhi Blast Updates: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-1 के पास सोमवार शाम करीब 6:50 बजे हुए भीषण धमाके ने राजधानी को दहला दिया. एक ह्युंडई i20 कार में अचानक विस्फोट हुआ, जिससे आग तेजी से फैल गई और आसपास खड़ी छह गाड़ियां और कई ऑटो जलकर खाक हो गए. हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं जिनका एलएनजेपी अस्पताल में इलाज चल रहा है.
धमाके के बाद इलाके में भारी अफरातफरी मच गई. चश्मदीदों के मुताबिक, मौके पर चारों ओर धुआं और लाशों के टुकड़े बिखरे थे. सूचना मिलते ही 20 से अधिक फायर टेंडर, दिल्ली पुलिस, एनएसजी, एनआईए और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं.
सरकार ने इसे संभावित आतंकी हमला मानते हुए यूएपीए (UAPA) के तहत मामला दर्ज किया है. गृहमंत्री अमित शाह ने मौके का दौरा कर जांच के आदेश दिए. दिल्ली और मुंबई सहित बड़े शहरों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है.
Delhi Blast Update: फरीदाबाद में बड़ा सर्च ऑपरेशन, धौज और फतेहपुर तगा गांवों में छानबीन जारी
लाल किला धमाके की जांच के सिलसिले में फरीदाबाद पुलिस ने बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया है. गांव धौज, फतेहपुर तगा और अलफलाह कॉलेज में एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी तलाशी अभियान में जुटे हैं. इस ऑपरेशन में स्थानीय थानों के अलावा क्राइम ब्रांच और रिजर्व पुलिस की टीमें भी शामिल हैं. सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं.








