तेज रफ्तार कार ने 3 साल के बच्चे को कुचला, मौके पर मौत; बच्चे का मुंडन करवाने की तैयारी में जुटा था परिवार
जालंधर : जालंधर के किशनपुरा चौक के पास सोमवार सुबह एक सफेद रंग की तेज रफ्तार गाड़ी ने 3 साल के बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान त्रिपुर (3) के रूप में हुई है।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, आज बच्चे का मुंडन था और वे धार्मिक स्थल पर जाने के लिए घर से बाहर खड़े थे। तभी एक तेज रफ्तार कार आई, जो पहले एक कुत्ते को कुचलते हुए गुज़री। परिवार का ध्यान कुत्ते की ओर गया, और तभी उन्होंने देखा कि वही कार चालक उनके बच्चे को भी कुचल चुका था। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार के सदस्य सोमनाथ ने बताया कि वह बच्चों के साथ खेल रहे थे, तभी एक सफेद रंग की तेज रफ्तार गाड़ी आई। उन्होंने गाड़ी को रुकने का इशारा किया, लेकिन गाड़ी चालक ने रुकने के बजाय और तेज़ रफ्तार से भागना शुरू कर दिया। इसी दौरान बच्चा कार के टायर के नीचे आ गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि गाड़ी का नंबर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस को इस हादसे की सूचना दे दी गई है और परिवार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की अपील की है।
मृतक की दादी, अमरजीत कौर ने बताया कि वह घर में मौजूद थीं और आज मुंडन के लिए परिवार इकट्ठा हो रहा था। अचानक जब बाहर से शोर सुनाई दिया, तो वह बाहर जाकर देखी कि गाड़ी चालक ने बच्चे को कुचल दिया था।
थाना रामा मंडी के एएसआई बलकरण सिंह ने बताया कि उन्हें किशनपुरा चौक के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।











