नई दिल्ली- भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का फाइनल जीत लिया और रिकॉर्ड नौवीं बार खिताब अपने नाम किया। आखिरी ओवर में रिंकू सिंह के विनिंग शॉट ने टीम इंडिया को ऐतिहासिक जीत दिलाई। लेकिन मैच के बाद जो घटनाक्रम सामने आया, उसने इस यादगार पल को विवादों में घेर दिया।
खेल के मैदान पर ऑपरेशन सिंदूरः पीएम मोदी
भारतीय टीम की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर बधाई देते हुए लिखा, ऑपरेशन सिंदूर खेल के मैदान पर भी जारी है। नतीजा वही है, भारत की जीत। हमारे क्रिकेटरों को बधाइयां।
ट्रॉफी न मिलने पर उठा विवाद
फाइनल जीतने के बावजूद भारतीय टीम को देर रात तक ट्रॉफी नहीं दी गई। पोस्ट-मैच सेरेमनी में हुई देरी को लेकर तरह-तरह की अटकलें सामने आईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम इंडिया ने साफ कर दिया था कि वे एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं लेंगे। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि नकवी न केवल ट्रॉफी बल्कि खिलाड़ियों के व्यक्तिगत मेडल्स भी लेकर चले गए।
बीसीसीआई का आरोप
सैकिया ने कहा – “भारत ने तय किया था कि हम ACC चेयरमैन से ट्रॉफी नहीं लेंगे। लेकिन इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं कि वह ट्रॉफी और मेडल्स अपने साथ ले जाएं। यह खेल भावना के खिलाफ है। हम उम्मीद करते हैं कि जल्द ही ट्रॉफी और मेडल्स टीम इंडिया को लौटाए जाएंगे। इस मुद्दे को हम नवंबर में होने वाली आईसीसी बैठक में उठाएंगे।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बीसीसीआई इस मामले पर औपचारिक विरोध दर्ज कराएगा। भारत ने टूर्नामेंट में तीसरी बार पाकिस्तान को हराया और पूरे सातों मैच जीतकर एशिया कप 2025 अपने नाम किया। लेकिन मैच के बाद ट्रॉफी विवाद ने भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के जश्न को फीका कर दिया।









