ट्रंप-मस्क में जारी विवाद के कारण एलन को हुआ भारी नुकसान, एक ही दिन में डूब गए अरबों रुपए; अब इतनी रह गई कुल संपत्ति
वॉशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और दुनिया के जाने-माने व्यवसायी एलन मस्क के बीच विवाद गहरा गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दोनों के बीच तीखी बहस देखने को मिली, जिसका सीधा असर एलन मस्क की संपत्ति पर पड़ा है। इस विवाद के बाद मस्क की नेट वर्थ में भारी गिरावट दर्ज की गई है, साथ ही उनकी कंपनी टेस्ला के शेयरों में भी एक दिन में बड़ी गिरावट आई है।
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, टेस्ला के मालिक एलन मस्क को एक ही दिन में 33.9 बिलियन डॉलर (लगभग 29,07,42,33,30,000 रुपये) का नुकसान हुआ है। इस गिरावट के बाद उनकी कुल संपत्ति 335 बिलियन डॉलर रह गई है।
इसके साथ ही, मस्क की कंपनी टेस्ला के शेयरों में भी भारी गिरावट आई है। कंपनी के शेयर 14.26 प्रतिशत गिरकर 284.70 अमेरिकी डॉलर पर पहुँच गए। एक दिन में टेस्ला के शेयरों में 47.35 अमेरिकी डॉलर की कमी दर्ज की गई, जिससे कंपनी को बड़ा झटका लगा है।
बता दें, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और दुनिया के जाने-माने उद्योगपति एलन मस्क के बीच संबंध कभी काफी मधुर थे। चुनाव जीतने के बाद ट्रंप ने मस्क को अपनी सरकार में भी शामिल किया था। हालांकि, यह साथ ज्यादा दिन नहीं चल सका। दोनों के बीच मतभेद सामने आने के बाद मस्क ने सरकार से अलग होने का फैसला कर लिया।
उनके बीच विवाद की मुख्य वजह ट्रंप सरकार द्वारा प्रस्तावित ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’ का विरोध था, जिसे एलन मस्क ने खुलकर नकारा था। इसी विरोध के बाद से दोनों के बीच तनातनी शुरू हो गई। हाल ही में यह तकरार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खुलकर सामने आई।
डोनाल्ड ट्रंप ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए एलन मस्क पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि मस्क को अब भी व्हाइट हाउस की याद आ रही है। ट्रंप ने यह भी आरोप लगाया कि मस्क ‘ट्रंप डिरेंजमेंट सिंड्रोम’ से पीड़ित हैं।
ट्रंप के इस आरोप का एलन मस्क ने भी करारा जवाब दिया। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि उनके बिना डोनाल्ड ट्रंप 2024 का राष्ट्रपति चुनाव हार जाते। मस्क ने यह भी दावा किया कि अगर वह साथ नहीं देते, तो डेमोक्रेट्स सदन पर कब्जा कर लेते और सीनेट में भी रिपब्लिकन केवल 51-49 के मामूली अंतर से जीत पाते। मस्क ने राष्ट्रपति ट्रंप को एहसान फरामोश तक कह डाला। इस सार्वजनिक बयानबाजी ने दोनों के बीच के मनमुटाव को और गहरा कर दिया है।









