MBD WEB NEWS

जालंधर के RTI एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह की फगवाड़ा में गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार; जांच में जुटी पुलिस..

जालंधर के RTI एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह की फगवाड़ा में गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार; जांच में जुटी पुलिस..

 

 

जालंधर/फगवाड़ा: पंजाब के फगवाड़ा में स्थित लॉ गेट के बाहर शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। इस खूनी वारदात में जालंधर के जाने-माने आरटीआई (RTI) एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सरेराह हुई इस फायरिंग की घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत इस खौफनाक मंजर की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

सिर में लगी गोली, मौके पर ही तोड़ा दम

मिली प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने सिमरनजीत सिंह को निशाना बनाते हुए बेहद करीब से फायरिंग की। हमलावरों द्वारा चलाई गई गोली सीधे सिमरनजीत सिंह के सिर में जा लगी। गोली लगते ही वह लूलहान होकर जमीन पर गिर पड़े और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं SP, जांच शुरू

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सूचना मिलते ही एसपी माधवी शर्मा भारी पुलिस बल और अपनी विशेष टीम के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है और पूरे इलाके को सील कर दिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी माधवी शर्मा ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।