MBD WEB NEWS

जापान में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप, सुनामी का अलर्ट जारी; 7.1 से दहला गया देश

जापान में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप, सुनामी का अलर्ट जारी; 7.1 से दहला गया देश

 

 

टोक्यो- जापान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में सोमवार को 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आने के बाद सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया गया। भूकंप के झटकों से कई इलाकों में दहशत फैल गई, जबकि प्रशासन ने लोगों से समुद्र तटों और निचले तटीय क्षेत्रों से तत्काल दूर रहने की अपील की है। आशंका जताई गई है कि समुद्र में कई फीट ऊंची लहरें उठ सकती हैं।

जापान मौसम विभाग के अनुसार, भूकंप का केंद्र कुमामोटो प्रांत के उकी क्षेत्र के पास जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था। जापान के भूकंपीय पैमाने (शिंदो स्केल) पर इसकी तीव्रता शिंदो-7 दर्ज की गई, जिसे अत्यंत विनाशकारी श्रेणी माना जाता है।

सुनामी की चेतावनी कुमामोटो के पश्चिमी तट पर स्थित आरिएक खाड़ी (Ariake Bay) के लिए जारी की गई है। यह क्षेत्र राजधानी टोक्यो से लगभग 900 किलोमीटर दूर है। प्रशासन ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और सरकारी निर्देशों का पालन करने को कहा है।

भूकंप के झटके कुमामोटो के अलावा यात्सुहिरो, उतो, माशिकी और मिसातो में भी जोरदार महसूस किए गए, जहां शिंदो स्केल पर 6 तक की तीव्रता दर्ज की गई। वहीं नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा और मियाजाकी सहित कई अन्य क्षेत्रों में भी मध्यम तीव्रता के झटके महसूस हुए।

भूकंप के कारण कुमामोटो क्षेत्र में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। क्युशु इलेक्ट्रिक के अनुसार, करीब 45,600 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। हालांकि अब तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के सभी परमाणु ऊर्जा संयंत्र फिलहाल सुरक्षित हैं और उनमें किसी प्रकार की तकनीकी खराबी या विकिरण रिसाव की सूचना नहीं मिली है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016 में भी कुमामोटो में आए विनाशकारी भूकंप में 50 से अधिक लोगों की मौत हुई थी, लगभग 1,800 लोग घायल हुए थे और हजारों मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। इस बार भी प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और राहत एवं बचाव एजेंसियों को सतर्क रखा गया है।