जानें पंजाब में किस पार्टी के नेता को सिर में मारी गोली, पूर्व DSP ने साथियों के साथ मिलकर की फायरिंग
रोपड़- पंजाब के रोपड़ जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब चंडीगढ़ पुलिस के पूर्व DSP दिलशेर सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर AAP नेता नितिन नंदा पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में नितिन नंदा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिर के पीछे एक गोली लगी, जबकि दो गोलियां उनके शरीर को छूकर निकल गईं।
यह घटना आनंदपुर साहिब के अगमपुर चौक–जहाज रोड पर उस समय हुई जब नितिन नंदा एक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घायल नितिन नंदा को तुरंत सिविल अस्पताल, आनंदपुर साहिब ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। सूत्रों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रॉपर्टी विवाद को बताया जा रहा कारण
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते हमला किया गया होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी गुरदीप सिंह गोसल, एसएचओ और डीएसपी स्तर के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। फायरिंग में पूर्व DSP दिलशेर सिंह, राम कुमार और एक अन्य व्यक्ति का नाम सामने आया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला (धारा 307 IPC) दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।









