जानें पंजाब में किस जगह पर दिन दिहाड़े मां-बेटी पर हुई फायरिंग, दहशत में इलाका निवासी
लुधियाना : लुधियाना से आज दिन दिहाड़े बड़ी वारदात सामने आई है, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया। घटना जीटीबी नगर मुंडिया की है, जहां आज शनिवार दोपहर को घर के बाहर बैठी मां और बेटी पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि, महिला अपने बेटी के साथ घर के बाहर बैठी थी, इस दौरान एक बदमाश वहां पर आया जिसने काली जैकेट और टोपी पहनी हुई थी।
मिली जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार होकर आए 2 बदमाशों ने वहां पर आकर दोनों मां-बेटी पर गोली चला दी। इस दौरान बेटी ने किसी तरह अपनी जान बचा ली लेकिन महिला के सिर में गोली लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। इलाके में अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी घर से बाहर निकल आए और महिला को तुरन्त सिविल अस्पताल लेकर गए, जहां डाक्टरों ने महिला मृत घोषित कर दिया। मृतक महिला की पहचान पूनम पांडे के रूप में हुई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद महिला की बेटी डरी सहमी हुई है। बेटी ने बताया कि उनकी किसी से भी कोई रंजिश नहीं है।
इस संबंधी जानकारी देते हुए इलाका निवासी हरविंदर सिंह ने बताया कि वह अपने घर में खाना खा रहे थे, इतने में गोली चलने की शोर पड़ गया। जब घटनास्थल पर पहुंचे तो महिला जमीन पर गिरी पड़ी थी। मौके पर वह अपनी गाड़ी में महिला अस्पताल लेकर गए लेकिन डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। व्यक्ति ने बताया कि उन्हें पता चला है कि, गोली चलाने वाला बदमाश घर के अंदर भी गया था।











