MBD WEB NEWS

जानें किस पर पुलिस की बदमाशों से हुई मुठभेड़ : लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो शार्प शूटर ढेर, एक जवान गोली लगने से हुआ घायल

जानें किस पर पुलिस की बदमाशों से हुई मुठभेड़ : लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो शार्प शूटर ढेर, एक जवान गोली लगने से हुआ घायल

 

 

बहादुरगढ़  : हरियाणा के बहादुरगढ़ में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो कथित शार्प शूटर मारे गए। मारे गए बदमाशों की पहचान प्रवेश और हिमांशु के रूप में हुई है। दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस दौरान पुलिस का एक जवान गोली लगने से घायल हो गया, जबकि चार अन्य जवानों की जान बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बच गई।

एसटीएफ के पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि पिछले महीने हांसी में जिम संचालक कपिल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में हांसी सिटी थाने में केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान प्रवेश और हिमांशु की पहचान मुख्य शूटरों के रूप में हुई, जिसके बाद दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया।

उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल से मिली खुफिया सूचना एसटीएफ बहादुरगढ़ यूनिट के साथ साझा की गई थी। संयुक्त जांच में पता चला कि दोनों आरोपी आधुनिक हथियारों और भारी मात्रा में गोला-बारूद से लैस हैं तथा बहादुरगढ़ क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ बहादुरगढ़ और काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल की संयुक्त टीम ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ में दोनों शूटर गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस दौरान चार पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं, जिससे उनकी जान बच गई। वहीं, एक जवान के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। मुठभेड़ के बाद दोनों बदमाशों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिसकर्मी को बेहतर इलाज के लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर किया गया है।

एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि मारे गए दोनों आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े थे। उनके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज थे। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।