MBD WEB NEWS

जानें किस देश मे पेट्रोल 370 रुपए के पार पहुंची,  हर लीटर पर मिलेगी 100 रुपए की सीधी सब्सिडी

  जानें किस देश मे पेट्रोल 370 रुपए के पार पहुंची,  हर लीटर पर मिलेगी 100 रुपए की सीधी सब्सिडी

 

 

इस्लामाबाद : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की आसमान छूती कीमतों के बीच पाकिस्तान में पेट्रोल 370 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया है। चौतरफा आलोचनाओं और जनता के भारी आक्रोश के बीच प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आम नागरिकों को महंगाई के झटके से बचाने के लिए एक विशेष राहत पैकेज का ऐलान किया है। इस राहत योजना के तहत आम लोगों को पेट्रोल की खरीद पर प्रति लीटर 100 पाकिस्तानी रुपये की सीधी सब्सिडी दी जाएगी। सरकार ने साफ किया है कि इस योजना का ढांचा इस तरह तैयार किया गया है ताकि इसका लाभ केवल निम्न और मध्यम वर्ग के जरूरतमंदों तक ही पहुंचे।

बाइक, ऑटो रिक्शा और 800cc तक की छोटी कारों को ही मिलेगा लाभ

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, शहबाज शरीफ ने कहा कि इस कठिन दौर में सरकार अपनी जनता को बेसहारा नहीं छोड़ेगी। योजना के तहत मोटरसाइकिल, ऑटो रिक्शा और चिंगची जैसे दोपहिया और तिपहिया वाहन चालकों को हर महीने अधिकतम 20 लीटर पेट्रोल पर 100 रुपये प्रति लीटर की छूट मिलेगी। वहीं, 800 सीसी तक इंजन क्षमता वाली छोटी कारों के मालिकों को हर महीने अधिकतम 30 लीटर पेट्रोल पर यह सब्सिडी दी जाएगी। इस छूट के बाद पात्र उपभोक्ताओं को निर्धारित कोटे के तहत एक लीटर पेट्रोल लगभग 270 रुपये में पड़ेगा, जिससे बाइक सवारों को हर महीने करीब ₹2,000 और छोटी कार मालिकों को ₹3,000 तक की सीधी राहत मिलेगी।

इस्लामाबाद से होगी शुरुआत, पूरे देश में इस दिन से लागू होगी छूट

पेट्रोलियम कीमतों के बोझ को कम करने के लिए यह योजना दो चरणों में जमीन पर उतारी जा रही है। राजधानी इस्लामाबाद में यह सब्सिडी सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात से लागू हो जाएगी। इसके बाद बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात से इसे पूरे पाकिस्तान, पीओके और गिलगित-बाल्टिस्तान में प्रभावी कर दिया जाएगा। योजना का लाभ उठाने के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया रविवार से ही शुरू कर दी गई है। प्रधानमंत्री ने सभी प्रांतीय सरकारों का धन्यवाद जताया, जिन्होंने वाहनों का डेटाबेस तैयार करने में सहयोग किया, ताकि सब्सिडी सीधे सही हकदारों तक पहुंच सके।