MBD WEB NEWS

जानें किस जगह पर बाढ़ के पानी में बह गए करीब 3000 LPG गैस सिलेंडर, वीडियो हुआ वायरल; चेतावनी जारी

जानें किस जगह पर बाढ़ के पानी में बह गए करीब 3000 LPG गैस सिलेंडर, वीडियो हुआ वायरल; चेतावनी जारी

 

 

नई दिल्ली/रायगढ़  : महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पातालगंगा नदी में करीब तीन हजार एलपीजी गैस सिलेंडर बहते दिखाई दिए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, पनवेल तालुका के चावणे स्थित एचपीसीएल के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट परिसर में भारी बारिश और जलभराव के कारण बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बहकर नदी में पहुंच गए। बताया जा रहा है कि इन सिलेंडरों में कुछ भरे हुए हैं, जबकि कुछ खाली हैं।

 

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियां अलर्ट हो गईं। रायगढ़ के जिलाधिकारी किशन जावले ने लोगों से अपील की है कि नदी या उसके किनारे बहकर आए किसी भी गैस सिलेंडर के पास न जाएं और न ही उसे उठाने या घर ले जाने का प्रयास करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बहकर आए सिलेंडरों में गैस भरी है या नहीं और उनकी स्थिति कितनी सुरक्षित है। ऐसे में किसी भी सिलेंडर को छूना, खोलना या इस्तेमाल करने की कोशिश करना बेहद खतरनाक और जानलेवा साबित हो सकता है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी बहकर आया गैस सिलेंडर दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन या संबंधित अधिकारियों को दें और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

लगातार बारिश के बीच पातालगंगा नदी में बहते हजारों गैस सिलेंडरों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।