MBD WEB NEWS

जानें किस जगह तेज रफ्तार बस ने ऑटो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत, 8 की हालत नाजुक

जानें किस जगह तेज रफ्तार बस ने ऑटो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत, 8 की हालत नाजुक

 

बहराइच : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। गोंडा-बहराइच मार्ग पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने यात्रियों से भरे ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा गोंडा-बहराइच मार्ग पर खूंटेहना चौकी के निकट काटिलिया नामक स्थान पर हुआ। बताया जा रहा है कि पीड़ित हुजूरपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव के निवासी थे। वे सभी एक ऑटो रिक्शा बुक करके पयागपुर थाना क्षेत्र के कोलुहवा गांव में अपने एक रिश्तेदार के यहाँ आयोजित वलीमा (शादी के बाद की दावत) समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। दुर्घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। इस वजह से गोंडा-बहराइच मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को इलाज के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज भेजा। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराने के प्रयासों में जुटी हुई है। इस घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।