जाको राखे साईया मार सके न कोई: 200 फीट गहरी खाई में 24 घंटे फंसा रहा ड्राइवर, GPS की मदद से ऐसे बची जान
छिंदवाड़ा : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की सिल्लेवानी घाटी में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है, जहां मक्के से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा समाया। इस भयानक दुर्घटना में ट्रक के परखच्चे उड़ गए, लेकिन चमत्कारिक रूप से ड्राइवर की जान बच गई। हालांकि, उसे मौत के साये में करीब 24 घंटे तक ट्रक के मलबे में ही फंसा रहना पड़ा। रविवार सुबह हुए इस हादसे का पता तब चला जब ट्रक मालिक ने जीपीएस ट्रैकिंग के जरिए गाड़ी की लोकेशन तलाशी और उसे घाटी में स्थिर पाया।
हादसे की सूचना मिलते ही सोमवार को पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। मोहखेड़ थाना क्षेत्र की उमरानाला चौकी पुलिस ने तीन बड़ी क्रेनों और स्थानीय लोगों की मदद से एक कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घंटों की मशक्कत के बाद मलबे में दबे घायल ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला गया और ट्रक को ऊपर खींचा गया। ड्राइवर के पैर में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके चलते उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई और उसे छुट्टी दे दी गई।
चौकी प्रभारी पारस आर्मो के मुताबिक, यह हादसा रविवार सुबह करीब 7 बजे हुआ था। एक ही मालिक के दो ट्रक चांद क्षेत्र से मक्का लोड करके बोरगांव जा रहे थे। दोनों गाड़ियां आगे-पीछे चल रही थीं। आगे वाला ट्रक घाटी पार कर गया, लेकिन पीछे वाला ट्रक संतुलन खोकर 250 फीट गहरी खाई में गिर गया। चूंकि घाटी में मोबाइल नेटवर्क और आवाजाही की समस्या थी, इसलिए ड्राइवर फंसा रह गया। ट्रक मालिक रवि बघेल की सतर्कता और जीपीएस तकनीक के कारण समय रहते ड्राइवर तक मदद पहुंच सकी और उसकी जान बच गई।









