करनाल : हरियाणा के करनाल में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को जहरीले सांप के साथ स्टंट करना इतना भारी पड़ा कि उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। श्मशान घाट से पकड़े गए एक खतरनाक कोबरा सांप को गले में डालकर करतब दिखाते समय सांप ने युवक को डंस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान संडीर गांव निवासी 35 वर्षीय राजेंद्र के रूप में हुई है, जिसकी इस लापरवाही के कारण जान चली गई।
सांपों से खेलने का था अजीबोगरीब शौक
परिजनों के मुताबिक, राजेंद्र को सांप पकड़ने का बहुत शौक था और वह अक्सर अपनी जान जोखिम में डालता था। जहां भी उसे सांप दिखाई देता, वह उसे पकड़कर खेलने लगता था। सांपों के साथ इसी अजीबोगरीब शौक और निडरता के कारण गांव के लोग उसे जहरीला के नाम से भी बुलाते थे। कई बार तो वह सांप की पूंछ पर रस्सी बांधकर उसे घुमाने जैसे खतरनाक करतब भी सरेआम किया करता था, लेकिन रविवार का दिन उसके लिए काल बन गया।

श्मशान घाट में निर्माण कार्य के दौरान निकला सांप
जानकारी के अनुसार, राजेंद्र संडीर गांव में मजदूरी करके अपना और परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार को गांव के श्मशान घाट में कुछ निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान वहां काम कर रहे मजदूरों को एक खतरनाक सांप दिखाई दिया। मजदूरों ने डरकर तुरंत इसकी सूचना गांव के सरपंच को दी। सरपंच ने एहतियात बरतते हुए मजदूरों को सांप से दूर रहने की हिदायत दी और उसे पकड़ने के लिए पेशेवर स्नेकमैन सतीश फफड़ाना को सूचना दी। स्नेकमैन को गांव पहुंचने में करीब आधा घंटा लगना था।
चेतावनी के बावजूद गले में लपेटा कोबरा और चली गई जान
स्नेकमैन के पहुंचने से पहले ही श्मशान घाट में सांप निकलने की खबर राजेंद्र तक पहुंच गई। वह तुरंत वहां पहुंचा और वहां मौजूद लोगों की चेतावनी को पूरी तरह से अनसुना करते हुए उस कोबरा को पकड़ लिया। ग्रामीणों के मुताबिक, राजेंद्र ने उस खतरनाक सांप को उठाकर अपने गले में डाल लिया और उसके साथ खेलने लगा। इसी करतब के दौरान सांप ने उसे डंस लिया। घबराकर राजेंद्र ने सांप को वहीं छोड़ दिया और वहां से जाने लगा, लेकिन कुछ ही दूरी पर वह जमीन पर गिर पड़ा