MBD WEB NEWS

जल्द ही आ रही है देश की पहली वंदे भारत स्लीपर, जानें रूट और कितना होगा किराया

जल्द ही आ रही है देश की पहली वंदे भारत स्लीपर, जानें रूट और कितना होगा किराया

नई दिल्ली : भारतीय रेलवे यात्रियों को नए साल का बड़ा तोहफा देने जा रहा है। देश की पहली ‘वंदे भारत स्लीपर क्लास’ ट्रेन जल्द ही पटरियों पर दौड़ती नजर आएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले 15-20 दिनों के भीतर कोलकाता और गुवाहाटी के बीच चलने वाली इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नई ट्रेन की टेस्टिंग और सर्टिफिकेशन का काम पूरा हो चुका है, अब बस औपचारिक उद्घाटन का इंतजार है।

जनवरी के तीसरे हफ्ते में हो सकता है शुभारंभ

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, इस ट्रेन का उद्घाटन 18 या 19 जनवरी के आसपास किए जाने की संभावना है। हालांकि, पक्की तारीख की घोषणा अगले दो-तीन दिनों में कर दी जाएगी। यह ट्रेन विशेष रूप से लंबी दूरी की यात्रा को आरामदायक और सुरक्षित बनाने के लिए डिजाइन की गई है। रेल मंत्री ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन यात्रियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं और सुरक्षा प्रदान करेगी, जो रात भर की लंबी यात्राओं के लिए एक नया अनुभव होगा।

फ्लाइट के मुकाबले काफी कम है किराया

इस ट्रेन की सबसे खास बात इसका किफायती किराया है। रेल मंत्री ने किराए की तुलना हवाई सफर से करते हुए बताया कि गुवाहाटी से हावड़ा (कोलकाता) की फ्लाइट का किराया आमतौर पर 6,000 से 8,000 रुपये के बीच होता है, लेकिन वंदे भारत स्लीपर का किराया आम आदमी को ध्यान में रखकर तय किया गया है। 3rd AC का किराया खाने के साथ लगभग 2,300 रुपये, 2nd AC का किराया लगभग 3,000 रुपये और 1st AC का किराया करीब 3,600 रुपये रहने की उम्मीद है। यानी यात्री अब आधे से भी कम दाम में लग्जरी सुविधाओं का आनंद ले सकेंगे।

सफर में मिलेगा स्थानीय व्यंजनों का जायका

रेलवे ने इस ट्रेन में खानपान को लेकर भी विशेष योजना बनाई है, जिसमें ‘रीजनल हॉस्पिटैलिटी’ यानी क्षेत्रीय मेहमाननवाजी पर जोर दिया जाएगा। मंत्री ने बताया कि जब ट्रेन गुवाहाटी से चलेगी तो यात्रियों को असम का खास खाना परोसा जाएगा। वहीं, कोलकाता से वापसी के दौरान यात्रियों को बंगाली व्यंजनों का स्वाद चखने को मिलेगा। इससे यात्रियों को सफर के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और खानपान से जुड़ने का मौका भी मिलेगा। ट्रेन में एडवांस सेफ्टी सिस्टम, बेहतर सस्पेंशन और एरोडायनामिक डिजाइन जैसी खूबियां भी शामिल हैं।