MBD WEB NEWS

जंडियाला गुरु में AAP सरपंच पर बीच सड़क पर हुई फायरिंग, हमलावरों ने घेरी गाड़ी; सरेआम चलाई गोलियां

जंडियाला गुरु में AAP सरपंच पर बीच सड़क पर हुई फायरिंग, हमलावरों ने घेरी गाड़ी; सरेआम चलाई गोलियां

 

अमृतसर- पंजाब के अमृतसर जिले के जंडियाला गुरु इलाके में दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने एक इनोवा कार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। कार में कुल 5 लोग सवार थे, जिनमें गांव का सरपंच भी शामिल था, जो आम आदमी पार्टी से जुड़ा बताया जा रहा है।

घटना वेरोवाल रोड पर उस समय हुई जब गांव तिमोवाल के सरपंच सुखदेव सिंह अपनी पत्नी रविंदर कौर और अन्य लोगों के साथ ब्लॉक दफ्तर से लौट रहे थे। तभी 4 मोटरसाइकिलों पर सवार करीब 7 हमलावरों ने चलती गाड़ी को घेरकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हमले के दौरान कार के शीशे टूट गए और गाड़ी पर कई जगह गोलियों के निशान मिले हैं। मौके से पुलिस ने गोलियों के करीब चार खोल बरामद किए हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

सरपंच सुखदेव सिंह ने आरोप लगाया है कि यह हमला पुरानी रंजिश और स्थानीय राजनीति का नतीजा है। उन्होंने कुछ संदिग्ध लोगों के नाम भी लिए हैं और दावा किया है कि असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है। डीएसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। सरपंच ने बताया कि उन्होंने एसएसपी से बात की है, जिन्होंने सुरक्षा बढ़ाने का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।