MBD WEB NEWS

चंडीगढ़ को किया जायेगा स्लम फ्री, 10 एकड़ में बनीं 800 से ज्यादा झुग्गियों पर चलेगा बुलडोजर

चंडीगढ़ को किया जायेगा स्लम फ्री, 10 एकड़ में बनीं 800 से ज्यादा झुग्गियों पर चलेगा बुलडोजर

 

चंडीगढ़- चंडीगढ़ प्रशासन शहर को पूरी तरह स्लम-फ्री बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। क्लब क्षेत्र की झुग्गी बस्ती हटाने के बाद अब प्रशासन की नजर धनास की कच्ची कॉलोनी पर है, जिसे शहर की अंतिम बड़ी अवैध झुग्गी बस्ती माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, संपदा विभाग लगभग 10 एकड़ जमीन पर फैली 800 से अधिक झुग्गियों को हटाने की तैयारी कर चुका है। यह झुग्गियां किसानों की निजी जमीन पर अस्थायी रूप से बसाई गई थीं, जहां वर्षों से अवैध कब्जा बना हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक, सर्दियों में बेदखली अभियान चलाने पर अदालत से स्टे मिलने की आशंका अधिक रहती है। इसी कारण बस्ती को हटाने की प्रक्रिया सर्दियों के बाद शुरू की जाएगी ताकि कार्रवाई बिना किसी कानूनी अड़चन के पूरी की जा सके।

4 बस्तियाँ हटाई जा चुकीं, 520 एकड़ से अधिक भूमि मुक्त
चंडीगढ़ प्रशासन पिछले कई वर्षों से शहर में अवैध कब्जों और अनियोजित बस्तियों के खिलाफ विशेष अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में अब तक चार बड़े झुग्गी क्षेत्रों को हटाया जा चुका है और लगभग 520–528 एकड़ सरकारी भूमि कब्जाधारियों से छुड़ाई गई है। यह अभियान न केवल सरकारी जमीन की सुरक्षा के लिए अहम है, बल्कि शहर की भविष्य की प्लानिंग, बुनियादी संरचना और शहरी विकास को सुव्यवस्थित दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

अवैध कॉलोनियों पर भी जारी है शिकंजा
प्रशासन ने हाल के वर्षों में कई अनधिकृत कॉलोनियों को भी चिह्नित कर ध्वस्त किया है। ऐसी कॉलोनियां बिना स्वीकृति, नक्शे और मूलभूत सुविधाओं के विकसित हो जाती थीं, जिससे शहर की संरचना, ट्रैफिक, सुरक्षा और स्वच्छता पर बुरा असर पड़ रहा था।